Thursday, November 26, 2026
Homeराज्यबिहारसंस्कृत में नर्सरी से रिसर्च तक पढ़ाई की घोषणा: दरभंगा में...

संस्कृत में नर्सरी से रिसर्च तक पढ़ाई की घोषणा: दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ की स्थापना का भी ऐलान, पाठ्यक्रम-पुस्तकें तैयार होंगी – Darbhanga News




दरभंगा में प्राथमिक विद्यालयों में मैथिली की पढ़ाई शुरू करने के लिए बिहार सरकार अगले एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी करेगी। इसके लिए पाठ्यक्रम और पुस्तकें तैयार की जाएंगी। साथ ही शिक्षकों की नियुक्ति भी होगी। यह घोषणा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार शाम डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन की। उन्होंने कहा कि मिथिला-मैथिली केवल भाषा नहीं, बल्कि सभ्यता और संस्कृति का प्रवाह है। सरकार मिथिला की मांगों को लेकर गंभीर है। शिक्षा मंत्री ने दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ की स्थापना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां एक ही परिसर में संस्कृत विषय की नर्सरी से लेकर रिसर्च तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए बिहार सरकार केंद्र से लगातार संपर्क में है। उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन के विस्तार की भी बात कही। जनप्रतिनिधियों की मांग पर विद्यालय को इसी रूप में विकसित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि मिथिला का मखाना आज देश-दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है। यहां के युवा मखाना कारोबार में आगे बढ़ रहे हैं। राज्य के सभी प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में भी काम किया गया है। अब वित्त रहित महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों को हर महीने डीबीटी के माध्यम से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां जानकी मिथिला की पहचान हैं और बिहार की पहचान मिथिला से है। विद्यापति के नाम पर एयरपोर्ट होना स्वागत योग्य कदम: पर्यावरण मंत्री पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह मिथिला की सांस्कृतिक पहचान के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अशोक पेपर मिल के संबंध में भी सरकार जल्द फैसला लेगी। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए संस्थान के महासचिव बैद्यनाथ चौधरी बैजू के प्रयासों की सराहना की। राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि वह मिथिला की बेटी हैं और संसद में मिथिला की रीति-रिवाज, भाषा और संस्कृति से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाती हैं। महाकवि विद्यापति मिथिला के गौरव हैं। उनके नाम पर 54 वर्षों से मिथिला विभूति पर्व का आयोजन होना अपने आप में विशेष उपलब्धि है। छह विभूतियों को मिथिला विभूति सम्मान कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. लक्ष्मीनिवास पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अतिथियों का स्वागत किया और मिथिला, मैथिली तथा मैथिल समाज की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। समारोह में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता शंभुनाथ झा, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिनेश झा, मथुरा क्षेत्र के आईजी केशव कुमार चौधरी, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार चौधरी और लोकगायिका जूली झा को मिथिला विभूति सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन पं. कमलाकांत झा ने किया। सुहानी ठंड पर भारी पड़ा संगीत का जादू समारोह के तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम मंगलवार शाम शुरू हुआ और बुधवार सुबह करीब 8 बजे तक चलता रहा। सारेगामा फेम गायक जय झा की प्रस्तुति ने डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मैथिली के पारंपरिक, धार्मिक और आधुनिक गीतों की जुगलबंदी ने पूरी रात माहौल को उत्साह से भर दिया। जय झा ने ‘हमर फरियाद एकबेर सुनियौ न जगदम्बे’ और ‘सदिखन बाजे छी भाषा हम अपन गाम के, गुमान छै हमरा हम छी मिथिला के’ जैसे लोकप्रिय गीत सुनाए। उनके गीतों पर युवा देर रात तक नाचते और झूमते रहे। मुकुंद मिश्रा के साथ उनकी युगल प्रस्तुति ‘नैन स नैन मिलल नशा बेजोड़ भेलै’ ने भी खूब तालियां बटोरीं। जूली झा ने ‘भाषा मधुर छै जकर, से मैथिल भाषी छी यो’ गीत के साथ सामा-चकेवा की पारंपरिक धुनों को नए अंदाज में पेश किया। ठंडी हवा के बीच उनकी प्रस्तुति पर युवा दर्शक नृत्य करते नजर आए। मुकुंद मिश्रा ने ‘जनक दुरारी सीता बहिन छैथ, पहुन रघुवर मिथिले के’ गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। ऋषभ भारद्वाज ने विद्यापति गीतों की प्रस्तुति देकर पारंपरिक संगीत का रंग जमाया। वहीं, अभ्यानंद मिश्र और धरोहर मिथिला मंच की हास्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब हंसाया।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments