बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें राजश्री पान मसाला के विज्ञापन को लेकर एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। जोधपुर में दायर रिवीजन पिटीशन (पुनरीक्षण याचिका) पर सुनवाई करते हुए राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की सर्किट बेंच ने सलमान खान औ
.
इस मामले में अब दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखना होगा। मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी को होगी। याचिकाकर्ता ने सलमान खान के हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) से जांच कराने की मांग भी की है।
जोधपुर निवासी गजेन्द्र कुमार की ओर से यह पुनरीक्षण याचिका पेश की गई है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता रामनिवास चौधरी ने बताया कि इस याचिका में राजश्री पान मसाला के विज्ञापन को भ्रामक बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके अलावा सलमान खान की ओर से उपभोक्ता आयोग में पेश किए गए दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
लाखों रुपए किलो का केसर 5 से 10 रुपए के पाउच में होने पर सवाल
चौधरी ने बताया याचिकाकर्ता का आरोप है कि इस पान मसाले का एक पाउच 5 से 10 रुपए में उपलब्ध है, तो उसमें करीब 4 लाख रुपए प्रति किलो कीमत वाला केसर किस तरह शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही सलमान खान राजश्री पान मसाला के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विज्ञापनों में नजर आते हैं। विज्ञापनों में इसको केसर और इलायची जैसे तत्वों से युक्त और जश्न का टशन बताकर आकर्षक अंदाज में पेश किया जाता है। इससे युवाओं में नशे की प्रवृति को बढ़ावा मिलता है। इससे तंबाकू से होने वाली बीमारियां बढ़ रही हैं। पान मसाला मुंह के कैंसर का प्रमुख कारण है।
सलमान खान के हस्ताक्षरों पर भी उठाए सवाल
इस मामले को लेकर पहले भी सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किया गया था। याचिकाकर्ता का आरोप है कि इस मामले में सलमान खान की ओर से उपभोक्ता आयोग में पेश किए गए वकालतनामे और अन्य दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों में अंतर है।
उनका आरोप है कि ये हस्ताक्षर सलमान खान के असली हस्ताक्षर नहीं हैं। इसको लेकर उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर में आपत्ति पेश की थी। इसमें सलमान खान को व्यक्तिगत रूप से आयोग में बुलाने और दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों का विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) से मिलान कराने की मांग की गई थी। हालांकि, जिला आयोग ने याचिकाकर्ता की इस मांग को स्वीकार नहीं किया।
19 जनवरी को अगली सुनवाई
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर की ओर से 16 सितंबर 2026 को पारित आदेश को चुनौती देते हुए गजेन्द्र कुमार ने राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की सर्किट बेंच में पुनरीक्षण याचिका दायर की।
रामनिवास चौधरी ने बताया कि राज्य आयोग में हुई सुनवाई के बाद पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किए गए हैं। अब इस मामले में 19 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई होगी।
उन्होंने बताया कि जब तक FSL पर डिसीजन नहीं हो जाता तब तक कोर्ट ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में जो परिवाद चल रहा है, उसको स्थगित किया गया है।

