.
मुंगेर के जमालपुर रेलवे यार्ड में गुरुवार सुबह लाइन नंबर-3 पर प्वाइंट संख्या 144 के पास एक लोको पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 1:30 बजे लोको को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया। इस दौरान लाइन नंबर-3 पर करीब चार घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा।
घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए,,,



किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। कंट्रोल रूम को लोको के डिरेल होने की सूचना मिली। इसके बाद अधिकारी, इंजीनियर, ट्रैकमैन और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
राहत कार्य के लिए क्रेन और भारी उपकरण मंगवाए गए। रेलवे के विभिन्न विभागों की टीम ने आपसी समन्वय से लोको को पटरी पर लाया। घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
हालांकि, घटना को लेकर रेलवे अधिकारियों के अलग-अलग बयानों से मामला उलझ गया। स्थानीय अधिकारी इसे मॉकड्रिल बताते रहे, जबकि मालदा मंडल के पीआरओ ने इसे वास्तविक हादसा बताया। देर शाम तक इसको लेकर चर्चा होती रही।
पहले हादसा बताया, बाद में मॉकड्रिल का दावा
लोको शेड के सीनियर डीएमई (डीजल) केके दास ने शुरुआत में घटना को हादसा बताया था। लेकिन सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित होने के बाद उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए इसे मॉकड्रिल करार दिया।
उनका कहना था कि यह मालदा मुख्यालय की ओर से निर्धारित एक गोपनीय मॉकड्रिल थी। इसकी जानकारी उन्हें भी पहले नहीं दी गई थी।
लोको के पटरी से उतरने की सूचना मिलने पर वे अन्य रेलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। उस समय उन्हें भी वास्तविक हादसा होने का ही अनुमान था। बाद में उन्हें मॉकड्रिल होने की जानकारी मिली।
पीआरओ ने हादसा माना, जांच के निर्देश
मालदा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सुकांतो मंडल ने लोको के डिरेल होने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए इसे छोटी दुर्घटना बताया। उन्होंने कहा कि जमालपुर में लोको के पटरी से उतरने की वास्तविक घटना हुई थी।
पीआरओ के मुताबिक, मामले की जांच के निर्देश मनीष कुमार गुप्ता की ओर से दिए गए हैं। रेलवे की टीम ने स्थिति को संभालते हुए लोको को सुरक्षित पटरी पर ला दिया।
अब प्वाइंट, ट्रैक और लोको की तकनीकी स्थिति की जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
दो अलग-अलग बयानों से उठे सवाल
जब मालदा मंडल के पीआरओ घटना को वास्तविक हादसा बता रहे हैं, तो सीनियर डीएमई इसे मॉकड्रिल क्यों बता रहे हैं? यदि यह अभ्यास था तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? वहीं, यदि वास्तव में हादसा हुआ तो बाद में इसे मॉकड्रिल बताने की जरूरत क्यों पड़ी?
दोनों अधिकारियों के विरोधाभासी बयानों से रेलकर्मियों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। अब सबकी नजर मालदा मंडल मुख्यालय की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी है।
गौरतलब है कि जमालपुर में लोको या ट्रेन के डिरेल होने की यह पहली घटना नहीं है। करीब दो माह पहले जमालपुर लोको शेड में शंटिंग के दौरान एक ही पटरी पर दो इंजनों की टक्कर हो गई थी।
इसमें पटरी पलट गई और एक इंजन पटरी से उतर गया था। घटना के बाद जमालपुर स्टेशन से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन भेजी गई थी और विभागीय जांच शुरू की गई थी।

