.
बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर आज फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के सिलसिले में पटना पहुंचेंगी। रीजेंट थिएटर में शाम 4:15 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें श्रद्धा कपूर के साथ भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी मौजूद रहेंगी। फिल्म के प्रमोशनल कार्यक्रम को लेकर दोनों अभिनेत्रियों के प्रशंसकों में उत्साह है। दर्शकों से फिल्म को लेकर अपनी बातचीत साझा करेंगी।
फिल्म में दिखा अक्षरा सिंह का पारंपरिक देसी अंदाज
‘ईठा’ अक्षरा सिंह के लिए भी खास फिल्म है। फिल्म में उन्हें श्रद्धा कपूर के साथ काम करने का बड़ा मौका मिला है। म्यूजिकल ट्रेलर में अक्षरा सिंह पारंपरिक देसी अंदाज में नजर आ रही हैं। गजरा, नथ, झुमके और पारंपरिक हार से सजे उनके लुक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। वहीं, श्रद्धा कपूर के साथ अक्षरा सिंह ‘मिर्च मसाला’ गाने पर डांस करती दिखाई दे रही हैं।
‘ईठा’ फिल्म में अक्षरा सिंह भी काम कर रही हैं।
श्रद्धा कपूर ने की अक्षरा की तारीफ
फिल्म के गाने को लेकर अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर भी खास अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने ‘ईठा’ के गाने पर एक स्पेशल रील बनाई, जिसे श्रद्धा कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। श्रद्धा ने अक्षरा के अंदाज की तारीफ करते हुए लिखा- ‘अक्ष की अदाएं…उफ।’ श्रद्धा की इस प्रतिक्रिया के बाद अक्षरा सिंह ने भी खुशी जाहिर की।
‘ईठा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है
गुरुवार को अक्षरा सिंह ने श्रद्धा कपूर के साथ अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। पोस्ट में उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं। अक्षरा ने बताया कि लंबे समय से वह इस फिल्म से जुड़ी बात अपने दिल में रखे हुए थीं और अब वह दर्शकों के साथ इसे साझा कर पा रही हैं। उन्होंने लिखा कि ‘ईठा’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये तस्वीर अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करने का अनुभव हमेशा संजोकर रखेंगी
श्रद्धा कपूर की तारीफ करते हुए अक्षरा ने कहा कि अभिनेत्री के तौर पर वह लंबे समय से उनकी प्रशंसक रही हैं, लेकिन उनके साथ काम करते हुए उन्हें करीब से जानना उनके लिए और भी खास अनुभव रहा। उन्होंने श्रद्धा को बेहतरीन अभिनेत्री के साथ-साथ एक उम्दा इंसान बताया। अक्षरा ने कहा कि श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए ऐसा अनुभव है, जिसे वह हमेशा संजोकर रखेंगी।
विठाबाई के जीवन से प्रेरित है ‘ईठा’
‘ईठा’ की कहानी महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। लोक रंगमंच में अपनी कला और शानदार प्रस्तुतियों के जरिए विठाबाई ने अलग पहचान बनाई थी। उनका जीवन मंच की चमक और तालियों के साथ-साथ संघर्षों से भी भरा रहा। फिल्म में उनके जीवन, कला के प्रति समर्पण और मुश्किलों के बीच आगे बढ़ने की यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म में विठाबाई का किरदार श्रद्धा कपूर निभा रही हैं।

