सोनीपत7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
बेगमपुर थाना पुलिस की टीम ने सोनीपत के रहने वाले अमित हुड्डा और उसकी पत्नी सुमन को गिरफ्तार किया है। सुमन रील्स बनाने की शौकीन है।
दिल्ली के बेगमपुर में 27 नवंबर को हुई 44 वर्षीय रेखा की गला रेतकर हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रेखा की हत्या उसके एक दोस्त की पत्नी की जलन के चलते की गई। उसे ऐतराज था कि उसका पति रेखा और उसके बच्चों पर पैसे क्यों खर्च करता है और उनसे दोस्ती क्यों रखता है।
महिला ने यह बात अपनी भतीजी सुमन और उसके पति अमित हुड्डा को बताई। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। सुमन सोशल मीडिया पर रील्स बनाती है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहिणी DCP शशांक जायसवाल ने बताया कि रेखा की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस के लिए यह ब्लाइंड मर्डर था। जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध मुंह छिपाकर जाता दिखाई दिया। बाद में उसने कपड़े भी बदल लिए। पुलिस ने इसी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। अभी सुमन और अमित के अलावा हत्या में किसी की भूमिका सामने नहीं आई है।

आरोपियों के बारे में जानकारी देते DCP शशांक जायसवाल।
बेटी के फोन करने पर बेटे को पता चला
रेखा अपने पति आनंदपाल, दो बेटियों और एक बेटे के साथ राजीव नगर में रहती थी। आनंदपाल ठेकेदार हैं। उनकी एक बेटी लंदन में पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करती है। बेटा पढ़ाई कर रहा है।
शुक्रवार शाम गुरुग्राम में रहने वाली बेटी लगातार मां को फोन कर रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने पहली मंजिल पर सो रहे भाई को फोन किया। भाई नीचे पहुंचा तो मां की हत्या हो चुकी थी। घटना के समय घर में रेखा और उसका बेटा ही मौजूद थे।
जानिए कैसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस की टीम…
- पुलिस को पहले पुलिस पर शक हुआ: DCP शशांक जायसवाल ने बताया कि पुलिस के सामने यह ब्लाइंड मर्डर था। घर और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। शुरुआत में रेखा के पति आनंदपाल पर शक हुआ। उनकी शर्ट पर खून के निशान मिले थे, लेकिन जांच में पता चला कि निशान पीछे की तरफ थे। हत्या करने वाले के कपड़ों पर आमतौर पर सामने की तरफ खून के निशान आते हैं। जांच में पति की भूमिका सामने नहीं आई।
- दोस्त की पत्नी रेखा से परेशान थी: इसके बाद पुलिस ने रेखा के एक दोस्त की भूमिका की जांच की। इसमें भी उसका सीधा संबंध नहीं मिला। हालांकि, जांच में पता चला कि दोस्त की पत्नी को रेखा से परेशानी थी। उसे ऐतराज था कि उसका पति रेखा और उसके बच्चों पर पैसे क्यों खर्च करता है और उनसे दोस्ती क्यों रखता है।
- घर से दूर एक CCTV में दिखा आरोपी: पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से उसने अपनी भतीजी सुमन और उसके पति अमित के साथ हत्या की साजिश रची। 22 अक्टूबर को आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी। एक सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति चेहरा छिपाते हुए दिखाई दिया। बाद में उसने कपड़े बदल लिए। इसके बाद पुलिस ने उस संदिगध पर नजर रखी और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंची।

DCP शशांक जायसवाल ने बताया कि आरोपी सुमन पुलिस वर्दी में भी रील बनाती थी।
सुमन पुलिस वर्दी में भी बनाती है रील
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमित ड्राइवर का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी सुमन सोशल मीडिया पर रील बनाती है। वह पुलिस की वर्दी पहनकर भी रील बनाती है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


