- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; Monsoon Rainfall Heatwave Alert| Maharashtra Rajasthan MP UP Haryana Kerala
नई दिल्ली3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मानसून ने मध्य प्रदेश में एंट्री कर ली है। एक दिन की देरी से बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते मानसून राज्य में पहुंच गया है। पिछली बार यह 21 जून को आया था।
हालांकि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री 27-28 मई को हो गई थी, मध्यप्रदेश में 21 दिन बाद मानसून की दस्तक हुई है।
राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के 11 जिलों और महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी बारिश का ऑरेंज-रेड अलर्ट है।
UP में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज 62 जिलों में अलर्ट है। राज्य में पिछले 48 घंटे में बिजली गिरने की घटनाओं में 34 लोगों की जान गई है। बरेली में भारी बारिश से हाईवे डूब गया है।
केरल में बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मलप्पुरम, कन्नूर, कासरगोड, वायनाड और त्रिशूर में सोमवार को स्कूल कॉलेज में छुट्टी की गई है। कर्नाटक में भी बारिश का रेड अलर्ट है। उडुपी और दक्षिण कन्नड़ के सभी स्कूलों में छुट्टी है।

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

सावरकुंडला, राजुला में नदियां भी उफान पर आ गई हैं। सड़कें डूब जाने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

मुंबई: दोपहर से हो रही भारी बारिश के कारण पवई में जलभराव हो गया है।

पुणे: सोमवार सुबह तेज बारिश के साथ हवा भी चली।

पाली: बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

जोधपुर: अंधड़ के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई पेड़ उखड़ गए।

बड़वानी: दोपहर को झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक रही।

खंडवा: तेज आंधी- बारिश के बीच बचने के लिए भागते दंपती।

नारनौल: रविवार शाम को तेज बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया।

प्रयागराज में धूल भरी आंधी के बीच चलते लोग, दिन में 39 डिग्री तापमान रहा। बाद में मौसम बदल गया।

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम…
17 जून: तमिलनाडु, पुडुचेरी, विदर्भ, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात सौराष्ट्र, बिहार, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा, उत्तराखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
18 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

राज्यों में मौसम का हाल…
राजस्थानः प्री-मानसून की बारिश, अलवर में सड़क ढही, बिजली गिरने से बच्चे की मौत, 11 जिलों में अलर्ट

राजस्थान में लगातार दूसरे दिन भी प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी रहा। रविवार को जयपुर, जोधपुर समेत 14 जिलों में भारी बारिश हुई। उधर, मौसम विभाग ने 16 जून को भी राजस्थान के 11 जिलों में भारी बारिश, जबकि शेष 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेशः मानसून की एंट्री,बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर से प्रदेश में पहुंचा

मध्यप्रदेश में मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। आज मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी। दक्षिण-पश्चिम मानसून बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते प्रदेश में पहुंचा। इस बार मानसून 1 दिन लेट हो गया। पिछली बार 6 दिन की देरी से 21 जून को आया था।प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 15 जून है। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तर प्रदेशः बरेली में हाईवे डूबा, आगरा में सड़क नहर बनी; बिजली गिरने से 48 घंटे में 34 की मौत

UP में भीषण गर्मी के बीच बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज 62 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटे में वाराणसी देश में सबसे गर्म रहा, यहां का पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जून को गोरखपुर के रास्ते राज्य में मानसून की एंट्री होगी। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ः सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; रायपुर-दुर्ग-बिलासपुर संभाग में हो सकती है भारी बारिश

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आज सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं रविवार को 39 °C के साथ राजनांदगांव प्रदेशभर में सबसे गर्म रहा। सबसे कम तापमान 24.6°C दुर्ग में दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
बिहारः आकाशीय बिजली से 7 की मौत,पटना समेत 12 जिलों में बारिश, 26 में यलो अलर्ट, गयाजी में गर्मी से मर रहीं मछलियां

बिहार में सोमवार को पटना, नालंदा, हाजीपुर, भागलपुर में बारिश हुई है। इसके साथी ही सीवान, सहरसा, लखीसराय, मधेपुरा, बेतिया, बक्सर, औरंगाबाद और बगहा में तेज बारिश हुई है। बारिश के साथ कई जिलों में आकाशीय बिजली भी गिरी है। बक्सर में बिजली की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 झुलस गए। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब-चंडीगढ़ः लोगों को गर्मी से मिली राहत, 5 डिग्री तापमान गिरा; आज आंधी-बारिश की संभावना

पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में राज्य के तापमान में लगभग 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। आज 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर समेत छह जिलों में आंधी का यलो का अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: शिमला में तेज बारिश के बीच टूरिस्ट की मस्ती, उमस भरी गर्मी से राहत, 6 दिन खराब रहेगा मौसम, 20-21 जून को भारी बरसात

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। शिमला शहर समेत आसपास के इलाकों में भी झमाझम बादल बरसे। इस बीच रिज पर कुछ टूरिस्ट बारिश के बीच मस्ती करते नजर आए। इससे लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस है। बारिश से पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में अगले 6 दिन तक मौसम खराब रहेगा। ज्यादातर भागों में बारिश के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंडः रांची सहित 6 जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश; मानसून की दस्तक से पहले भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश से पहले ही मौसम के करवट लेने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सिमडेगा, रांची समेत 6 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणाः 4 जिलों में बारिश, 9 में बादल छाए, आसमानी बिजली गिरने-आंधी चलने का अलर्ट

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। हिसार में तेज बारिश हो रही है और फतेहाबाद में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। इससे पहले सुबह पानीपत और सोनीपत में बारिश हुई। सोनीपत में गलियों में पानी भर गया। रेवाड़ी, जींद, कुरुक्षेत्र, नारनौल, झज्जर, नूंह, सिरसा, कैथल और चरखी दादरी में बादल छाए हुए हैं। अगले 4 दिनों तक बारिश के आसार हैं। राज्य में 28 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें..

