अजमेर के नसीराबाद रोड स्थित 9 नंबर पेट्रोल पंप के पास पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज का मामला सामने आया है। गैस लीक होने से सड़क पर गड्ढा बन गया। करीब आधे घंटे तक लीकेज के कारण मिट्टी और गंदगी आसपास की गाड़ियों और दुकानों पर जा गिरी। दुकानदारों की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और उसे ठीक किया गया। हालांकि लीकेज के दौरान मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी जारी रही। घटना मंगलवार शाम की है। जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। मामले में पार्षद पति ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि व पार्षद पति ईश्वर राजोरिया ने बताया कि नसीराबाद रोड 9 नंबर पेट्रोल पंप के नजदीक मंगलवार शाम 4 बजे के करीब गैस पाइपलाइन में लीकेज हुआ था। जिसके कारण सड़क पर एक बड़ा गड्ढा हो गया। आधे घंटे तक गैस लीक होती रही और गुब्बारे की तरह मिट्टी और गंदगी आसपास की गाड़ियों और दुकानों में चली गई। राजोरिया ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में टीम की ओर से गैस को लेकर चेकिंग की जा रही थी। लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ था। दुकानदारों के द्वारा सूचना करने के बावजूद भी आधे घंटे तक टीम नहीं पहुंची थी। बाद में टीम ने पहुंच कर मौके पर इसे ठीक किया था। राजोरिया ने बताया कि इससे पहले भी कई बार इस तरह हादसे हो चुके हैं। लेकिन प्रशासन को एक बड़े हादसे का इंतजार है।
Source link

