Thursday, September 17, 2026
Homeराज्यराजस्तानअर्पित गुप्ता बने डीग नगर परिषद के निर्विरोध सभापति: निर्दलीय मालती...

अर्पित गुप्ता बने डीग नगर परिषद के निर्विरोध सभापति: निर्दलीय मालती देवी और राहुल लवानिया ने नामांकन लिया वापस – Deeg News




डीग नगर परिषद सभापति पद पर भाजपा के अर्पित गुप्ता निर्विरोध चुने गए हैं। गुरुवार को निर्दलीय प्रत्याशी मालती देवी और राहुल लवानिया ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अर्पित गुप्ता को सभापति घोषित कर दिया। नगर परिषद के 40 वार्डों में भाजपा 16 और निर्दलीयों को 24 सीट मिली थी। निर्दलीय राहुल लवानिया और मालती देवी ने उपखंड अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी अमित कुमार मीणा के सामने अपने नामांकन पत्र वापस लिए। दोनों प्रत्याशियों के पर्चे वापस लेने के बाद सभापति पद के लिए चुनाव की जरूरत खत्म हो गई। इससे पहले बुधवार को सभापति पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें भाजपा से अर्पित गुप्ता के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी मालती देवी और राहुल लवानिया शामिल थे। तीन नामांकन होने के कारण सभापति पद के लिए चुनाव होना तय माना जा रहा था। गुरुवार को नामांकन वापसी के दौरान राजनीतिक स्तर पर सहमति बनाने की कोशिशें की गईं। विधायक डॉ. शैलेश सिंह दिगंबर की समझाइश के बाद ही मालती देवी और राहुल लवानिया ने अपने नामांकन वापस लिए। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी अर्पित गुप्ता के सामने कोई और उम्मीदवार नहीं रहा। भाजपा का नगर परिषद में बोर्ड बनाने का रास्ता साफ
अर्पित गुप्ता के निर्विरोध सभापति निर्वाचित होने के साथ ही भाजपा के लिए नगर परिषद में बोर्ड गठन का रास्ता भी साफ हो गया है। हालांकि नगर परिषद के वार्ड चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था और बड़ी संख्या में निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। ऐसे में सभापति पद के लिए हुए घटनाक्रम को नगर परिषद की आगामी राजनीतिक तस्वीर के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर परिषद परिसर में नामांकन वापसी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह नजर आया। अर्पित गुप्ता के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। अब नगर परिषद की नई कार्यकारिणी और बोर्ड गठन को लेकर आगे की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रहेगी।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments