अलवर में अगले तीन दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 जून से 19 जून तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर नहीं रुकने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से जिले में मौसम सक्रिय होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में घने बादल छाने के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए आमजन से पेड़ों, बिजली के खंभों, कच्ची दीवारों और जर्जर भवनों के पास खड़े नहीं होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 19 जून तक अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं 20 जून से 22 जून तक मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। इन दिनों आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। असल में अलवर जिले में पिछले करीब 15 दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि इस दौरान भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली हुई है। अधिकांश दिनों में सुबह मौसम साफ रहता है, लेकिन शाम होते-होते बादल छा जाते हैं। पिछले दिनों जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश भी दर्ज की गई थी। पिछले दो दिनों से दिन के समय भी बादल छाए रहने के कारण तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर काफी कम रहा। बुधवार सुबह भी मौसम साफ रहा, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जारी रही। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव जिले में आज से मौसम के सक्रिय होने का संकेत है और शाम तक कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है।
Source link

