तिरुवनंतपुरम/चेन्नई. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने एक सुर में ईरान पर इजरायल के हमले का विरोध किया है. दोनों नेताओं ने शनिवार को दिए अपने बयान में इजरायल की आक्रामक नीति पर हमला बोला और कहा कि उसे तुरंत यह सब रोक देना चाहिए.
वामपंथी नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दोहराया कि इजरायल, अमेरिका के समर्थन से पश्चिम एशिया में अपने ‘निर्लज्ज और आक्रामक हमले’ जारी रखे हुए है. उन्होंने कहा, “अमेरिका के नेतृत्व वाले साम्राज्यवादी शक्ति समूह के सहयोग से इजराइल पश्चिम एशिया में अपने निर्लज्ज और आक्रामक हमले जारी रखे हुए है.”
विजयन ने शुक्रवार को भी इजरायल को “एक पुराना वैश्विक ठग” बताया था, जो “अहंकार” के साथ यह मानता है कि वह कुछ भी कर सकता है, क्योंकि उसे अमेरिका का समर्थन प्राप्त है.
दूसरी ओर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को ईरान के खिलाफ इजरायल की आक्रामकता को ‘दुस्साहस’ करार देते कहा कि इससे युद्ध भड़कने का खतरा है. सत्तारूढ़ द्रमुक के अध्यक्ष ने दोनों पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया.
स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ईरान पर इजरायल का हमला आक्रामकता का एक दुस्साहसी कृत्य है, जिससे व्यापक युद्ध भड़कने का खतरा है. गाजा पर लगातार बमबारी और फिलिस्तीनी नागरिकों की पीड़ा के साथ, इस हिंसा की निंदा की जानी चाहिए.” उन्होंने कहा, “विश्व को संयम, न्याय और सार्थक कूटनीति के लिए प्रयास करना चाहिए.”
इजरायल ने शुक्रवार को तड़के ईरान की राजधानी पर हमला किया, जिसमें देश के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया गया और उसके परमाणु, मिसाइल एवं सैन्य परिसर पर हमला किया गया. ईरान ने इजरायल पर जवाबी हमले किए तथा शनिवार को संघर्ष और बढ़ गया.

