Friday, May 29, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशउन्नाव में देर रात बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत: तापमान...

उन्नाव में देर रात बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत: तापमान में गिरावट, किसानों को फायदा, ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल – Unnao News




उन्नाव में गुरुवार देर रात मौसम में अचानक बदलाव आया, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। रात करीब पौने बारह बजे तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिसके कुछ देर बाद जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। इस मौसमी बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे थे। शाम तक मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन देर रात आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी-तूफान का असर पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देखा गया। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, और धूल भरी हवाओं ने कुछ देर के लिए परेशानी बढ़ाई। तेज हवाओं के बाद हुई बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस कमी से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर देर रात तक ठंडी हवाएं चलती रहीं। कई लोग घरों की छतों पर और बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते दिखे। बच्चों और युवाओं में भी बारिश को लेकर उत्साह था। किसानों के चेहरे भी खिल उठे, क्योंकि तेज गर्मी से खेतों की नमी खत्म हो रही थी। बारिश से फसलों और सब्जियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तेज आंधी और हवाओं का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। ग्रामीण इलाकों में कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तेज हवा के कारण तारों और बिजली के खंभों में फॉल्ट आने से रातभर कई गांवों में अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट ठीक करने में जुटी रहीं, लेकिन कुछ स्थानों पर सुबह तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी थी।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments