संदीप कुमार सिंह | कसया6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतक मौसम
कसया, कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के बुद्ध नगरी कुशीनगर में बुधवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। ये दोनों रिश्ते में मामा-भांजे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक सत्येंद्र प्रसाद (26) पुत्र रामलाल, ग्राम कुशल टोला भीसवां, थाना तरकुलवा, जिला देवरिया के निवासी थे। दूसरे मृतक मौसम (25) पुत्र बृजेश प्रसाद, ग्राम विशंभरपुर वार्ड नं 6, बाबा साहब आप्टे नगर, थाना कसया, कुशीनगर के रहने वाले थे। दोनों बुद्ध नगरी मंदिर रोड से मेन गेट की तरफ जा रहे थे। पाठक पुस्तक भंडार के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्री गार्ड से टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक सत्येंद्र का फाइल फोटो।
मौके पर पहुंची कुशीनगर चौकी पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को कसया सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
घटना का एक दुखद पहलू यह है कि मृतक सत्येंद्र प्रसाद की आज बिरला धर्म शाला कुशीनगर में सगाई होनी थी। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार सहित सभी रिश्तेदार सगाई की तैयारियों में जुटे हुए थे और घर पर सत्येंद्र का इंतजार हो रहा था।
जैसे ही मार्ग दुर्घटना में सत्येंद्र की मौत की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सत्येंद्र की मां बार-बार बेहोश हो रही थीं और होश आने पर ‘बाबू का कल सगाई बा बोला द लोग’ कहकर विलाप कर रही थीं, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

