बांसवाड़ा में शुक्रवार को बंद कमरे में फंदे से लटके मिले युवक के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शव मिलने के दूसरे दिन शनिवार को 3 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमॉर्टम किया गया। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि अर्जुन डिंडोर(20) के शव की दाहिनी आंख निकली हुई थी, पैर से खून निकल रहा था और फंदे से लटकने के बावजूद उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. संदीप मईड़ा ने बताया- मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। गले पर भी खरोंच के निशान थे और आंख निकली हुई थी। प्रथम दृष्टया युवक के साथ मारपीट किए जाने और इसके बाद फंदे से लटकाए जाने की आशंका है। बता दें कि तलवाड़ा थाना क्षेत्र के शीलाभीत गांव में शुक्रवार की सुबह अर्जुन डिंडोर का शव उसके ही दूसरे मकान में फंदे से लटका मिला था। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पिता मोहन ने हत्या की आशंका जताई है। 17 सितंबर को घर से निकला था अर्जुन
पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में मृतक के पिता मोहन ने बताया- अर्जुन अहमदाबाद(गुजरात) में मजदूरी करता था। वह 15 सितंबर को अहमदाबाद से घर आया था। 17 सितंबर की सुबह वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। अगले दिन 18 सितंबर को गांव में स्थित उनके दूसरे मकान में अर्जुन का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार शव की स्थिति संदिग्ध थी। उसकी दाहिनी आंख निकली हुई थी, पैर से खून निकल रहा था और फंदे पर लटके होने के बावजूद पैर जमीन पर थे। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की। मेडिकल बोर्ड ने की जांच, शरीर पर चोटों के निशान मिले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल ज्यूरिस्ट सहित तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया। बोर्ड में मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. सुनील मईड़ा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विजय भट्ट और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप जोशी शामिल रहे। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. संदीप मईड़ा ने बताया- युवक के साथ मारपीट करने के बाद शव फंदे से लटकाने की आशंका है। मेडिकल बोर्ड ने विसरा भी सुरक्षित किया है। हालांकि फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। थानाधिकारी बोले- हत्या या सुसाइड, दोनों एंगल से जांच कर रहे
थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक की आंख निकली हुई मिली है। शरीर पर धारदार हथियार से हमला या मारपीट के गहरे निशान प्रारंभिक तौर पर नजर नहीं आए थे। युवक फंदे से लटका हुआ मिला था। अब मेडिकल बोर्ड की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सुसाइड के साथ हत्या के एंगल से भी जांच कर रहे हैं।
Source link

