Chhath Puja Bamboo Soop: सूर्य उपासना का महापर्व छठ जो उत्तरी सरगुजा में बड़े धूम धाम के साथ मनाया जाता है. जहां पारंपरिक बांस से बने सादे सूपे का विशेष महत्व रहता है. ऐसे में छठ पर्व के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर की सोएदा की स्थानीय महिलाए बांस के टुकड़ों को छीलकर सूपा बना रही हैं. यानी छठ पर्व में सूपे का क्रेज बढ़ जाने से गांव की महिलाओं की जेब पर भी असर देखने को मिलेगा, जहां एक सूपे का रेट 180 रूपे है. तो समझिए की छठ पर्व में महिलाएं सूपा बनाकार मालामाल हो जाएंगी. छठ से पहले भी गांव की ये महिलाएं सूपा तो बनाती हैं. लेकिन छठ पर्व के समय सूपे की डिमांड बढ़ने से सूपा बनाने वाली महिलाओं को इसका फायदा होगा. इस तरह गांव की महिलाए पारंपरिक हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भर बन रही हैं. देखिए ये रिपोर्ट…
दूसरों को देखकर सीखा सूपा बनाने का हुनर, एक साल से कर रहीं काम..
लखनपुर की महिला गुड़िया ने लोकल 18 को बताया कि वह पिछले करीब एक साल से सूपा बनाने का काम कर रही हैं. उन्होंने किसी संस्थान से प्रशिक्षण नहीं लिया, बल्कि गांव में दूसरी महिलाओं को सूपा बनाते हुए देखकर इस काम को सीखा. शुरुआत में खुद बनाकर देखा और धीरे-धीरे इस पारंपरिक हुनर में महारत हासिल कर ली. पहले वह घर पर ही रहती थीं, लेकिन अब बांस के सूपा तैयार कर अपनी आजीविका में योगदान दे रही हैं.
बांस छीलने से लेकर बुनाई तक, दो-तीन दिन की कड़ी मेहनत
बांस का सूपा तैयार करना जितना आसान दिखाई देता है, असल में इसमें उतनी ही मेहनत लगती है. सबसे पहले बांस को लाकर उसके छोटे-छोटे हिस्से किए जाते हैं. इसके बाद बांस को छीला जाता है और पतली पट्टियां तैयार की जाती हैं. इन पट्टियों को सुखाने के बाद सूपा बनाने के लिए उनकी बुनाई की जाती है. गुड़िया के मुताबिक, बांस को छीलने और फाड़ने में ही दो से तीन दिन तक का समय लग जाता है. इसके बाद सूपा तैयार करने का काम होता है.
एक दिन में 20 सूपा का ढांचा, 100 तक सूपा तैयार करने का लक्ष्य
गुड़िया बताती हैं कि मेहनत के हिसाब से सूपा तैयार करने का काम किया जाता है. एक दिन में करीब 20 सूपा का ढांचा तैयार हो जाता है. वहीं, 50 से 60 और कभी-कभी 100 तक सूपा तैयार कर इकट्ठा किए जाते हैं. छठ पर्व के दौरान इसकी मांग बढ़ जाती है. इसलिए महिलाएं पहले से ही सूपा तैयार करने में जुट जाती हैं.
180 रुपये में बिक रहा एक सूपा, अंबिकापुर में करते हैं बिक्री
बांस से तैयार इन सूपों की कीमत करीब 180 रुपये प्रति नग बताई गई है. महिलाएं इन्हें अंबिकापुर में बेचती हैं. हालांकि, वे खुद नियमित रूप से बाजार में दुकान लगाकर नहीं बैठतीं, बल्कि जो ग्राहक सूपा लेने आते हैं, उन्हें बिक्री कर देती हैं. छठ पर्व को देखते हुए इस पारंपरिक उत्पाद की मांग बढ़ने की उम्मीद है.
रंगीन सूपा से अलग है इनकी पहचान, बिना रंग के तैयार होता है पूजा वाला सूपा
बाजार में मिलने वाले सामान्य सूपा और छठ पूजा के लिए तैयार किए जाने वाले सूपा में अंतर भी है. गुड़िया बताती हैं कि सामान्य सूपा में बुनाई के लिए इस्तेमाल होने वाली पट्टियों को काले रंग से रंगा जाता है, लेकिन पूजा के लिए बनाए जाने वाले सूपा को बिना रंग के ही तैयार किया जाता है. यही वजह है कि इनका सूपा अपने प्राकृतिक और पारंपरिक स्वरूप में दिखाई देता है.
नौवीं तक की पढ़ाई, शादी के बाद घर के काम से जुड़ीं; अब हुनर बना आजीविका का सहारा
गुड़िया बताती हैं कि उन्होंने नौवीं तक पढ़ाई की है और इसके बाद शादी हो गई. वह घर के कामों में व्यस्त हो गईं. पहले उनकी मां और परिवार की दूसरी महिलाएं इस तरह के काम करती थीं. उन्हें देखकर ही उन्होंने सूपा बनाना सीखा. आज यही हुनर उनके लिए रोजगार का माध्यम बन रहा है. गांव की महिलाओं के लिए बांस से तैयार होने वाला यह पारंपरिक उत्पाद केवल पूजा की सामग्री नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का एक जरिया भी बन रहा है.

