झालावाड़ के खानपुर थाना क्षेत्र के गोलाना गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धनवाड़ा स्थित एक प्लॉट को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच मंगलवार शाम 45 वर्षीय नेमीचंद रेगर की उनके ही भतीजे ने चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्लॉट विवाद बना हत्या की वजह मृतक के पिता किशनलाल ने बताया कि झालावाड़ शहर के धनवाड़ा में स्थित एक प्लॉट को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मंगलवार शाम करीब पांच बजे गोलाना गांव में हरिओम (28) पुत्र पप्पूलाल ने अपने चाचा नेमीचंद रेगर पर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई जिंदगी हमले में गंभीर रूप से घायल नेमीचंद को तत्काल झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जुटी जांच में अस्पताल चौकी के हेड कांस्टेबल आशुतोष ने बताया कि मामले की सूचना खानपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस की मौजूदगी में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया नेमीचंद रेगर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी दिव्यांग हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि इसी प्लॉट को लेकर परिवार में पहले भी कई बार विवाद और झगड़े हो चुके थे। अस्पताल में जुटे परिजन और समाज के लोग हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजन, रिश्तेदार और समाज के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
Source link

