जालोर किले तक सड़क निर्माण का प्रोजेक्ट करीब 46 माह से स्वीकृतियों के फेर में उलझा हुआ है। मुख्यमंत्री बजट 2023-24 में किले तक सड़क बनाने के लिए 27 करोड़ रुपए की घोषणा की गई थी। इसके बाद 5 अक्टूबर 2023 को भूमि पूजन भी हुआ, लेकिन वन भूमि डायवर्जन और लगातार लग रही आपत्तियों के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। वन- विभाग की रिपोर्ट में प्रस्ताव स्वीकार करने की सिफारिश इधर, झरनेश्वर महादेव मंदिर होते हुए जालोर फोर्ट तक सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की साइट निरीक्षण रिपोर्ट भी सामने आई है। रिपोर्ट में परियोजना के लिए 4.5606 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्जन का प्रस्ताव बताया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि परियोजना के दौरान वन अधिनियम, 1980 के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है। हालांकि, निरीक्षण के बाद जालोर के उप वन संरक्षक जयदेव सिंह चरण ने प्रस्ताव को स्वीकार करने की सिफारिश की है। प्रस्तावित क्षेत्र में दुर्लभ वन्यजीव और पुरातात्विक स्थल नहीं साइट निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित क्षेत्र में दुर्लभ, लुप्तप्राय या विशिष्ट वनस्पति एवं वन्यजीवों की मौजूदगी की भी जांच की गई। रिपोर्ट में इस संबंध में ‘नहीं’ दर्ज किया गया है। इसी तरह क्षेत्र में किसी पुरातात्विक, धरोहर अथवा रक्षा संबंधी महत्वपूर्ण स्थल की मौजूदगी नहीं होने का उल्लेख भी किया गया है। कलेक्टर बोले- सभी जवाब प्रस्तुत, जल्द मिलेगी अनुमति जालोर कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने बताया कि जिला स्तर से सभी आवश्यक जवाब प्रस्तुत कर दिए गए हैं। अब विभागीय स्तर पर फाइनल अनुमति की प्रक्रिया बाकी है। उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। विधायक बोले- दिल्ली जाकर कराएंगे समाधान जालोर विधायक एवं मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने बताया कि परियोजना को लेकर जो भी आपत्तियां थीं, उनका निस्तारण कर सभी जवाब प्रस्तुत कर दिए गए हैं। अब मामला दिल्ली मुख्यालय स्तर पर अटका हुआ है। दीपावली के बाद दिल्ली जाकर अधिकारियों से मिलेंगे और जल्द समाधान करवाकर फाइनल स्वीकृति लाने का प्रयास करेंगे।
Source link

