Parliament Special Session LIVE: केंद्र सरकार को संसद में एक महत्वपूर्ण झटका लगा, जब महिलाओं के लिए विधानसभाओं और लोकसभा में एक तिहाई आरक्षण लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में आवश्यक बहुमत नहीं मिल सका. यह विधेयक न केवल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान करता था, बल्कि इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में भी बड़े पैमाने पर वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था. शुक्रवार को हुए मतदान में विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया, जबकि 230 सांसद इसके विरोध में रहे. हालांकि, संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी कम से कम 352 वोट जरूरी थे, जो सरकार हासिल नहीं कर सकी. विधेयक के तहत लोकसभा की सीटों को मौजूदा 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रस्ताव था. इसके साथ ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में भी सीटों की संख्या बढ़ाई जानी थी, ताकि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सके. सरकार का तर्क था कि यह बदलाव 1971 की जनगणना के बाद पहली बार हो रहे परिसीमन के जरिए जनसंख्या में आए बदलावों को प्रतिबिंबित करेगा.
हालांकि, विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध किया. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं के नाम पर असंवैधानिक चाल चली है और परिसीमन की प्रक्रिया को आरक्षण से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की है. विपक्ष का कहना था कि वे महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन इसे परिसीमन और जनगणना से जोड़ना उचित नहीं है. सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में प्रयास जारी रखेगी. गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में कहा कि देश की महिलाएं इस मुद्दे पर विपक्ष को माफ नहीं करेंगी. विधेयक के खारिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर महिलाओं के अधिकारों को बाधित करने का आरोप लगाया. केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि यह देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान है, जो राजनीतिक भागीदारी की उम्मीद लगाए बैठी थीं.
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया, जिसे विपक्ष ने रोक दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की नीयत महिलाओं के प्रति नकारात्मक है. वहीं, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी कहा कि विपक्षी गठबंधन की मंशा ही इस विधेयक को पास नहीं होने देने की थी. भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस घटनाक्रम को शर्मनाक और दुखद बताते हुए कहा कि इससे देश की महिलाओं का मनोबल टूटता है. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार भविष्य में इस विधेयक को फिर से लाएगी. गौरतलब है कि भारत की संसद में वर्तमान में महिलाओं के लिए कोई आरक्षित सीट नहीं है. लोकसभा में केवल लगभग 14 प्रतिशत और राज्यसभा में करीब 17 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं, जबकि राज्य विधानसभाओं में यह आंकड़ा करीब 10 प्रतिशत के आसपास है. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को केंद्र में ला दिया है, और आने वाले समय में इस पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है.
Women’s Reservation Bill LIVE: लोकतंत्र की अनिवार्य मांग है महिलाओं की भागीदारी, जेडीयू ने विपक्ष पर बोला हमला
लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल (संविधान का 131 वां संशोधन) पारित न होने पर जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की एक स्वाभाविक और जरूरी मांग है, जिसे अब और टाला नहीं जा सकता. नीरज कुमार ने कहा कि देश की महिलाओं ने लंबे समय तक सामाजिक बाधाओं का सामना किया है और उन्हें पार भी किया है. उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद उन्होंने महिलाओं को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया, जो समानता की दिशा में एक बड़ा कदम था. ऐसे में अब जो भी ताकतें महिलाओं के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रही हैं, उन्हें जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा.
Women’s Reservation Bill LIVE: ‘परिसीमन के बिना लोकसभा या विधानसभा में सीटों में कोई बदलाव संभव नहीं’
रविशंकर प्रसाद ने संविधान के बारे में बताते हुए कहा, “परिसीमन के बिना लोकसभा या विधानसभा में सीटों में कोई बदलाव संभव नहीं है. भारत के संविधान के अनुच्छेद 81, खंड (2) के अनुसार, लोकसभा की सीटें प्रत्येक राज्य को आवंटित की जानी चाहिए, और प्रत्येक राज्य को क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों में इस तरह विभाजित किया जाना चाहिए कि पूरे देश में जनसंख्या और सीटों का अनुपात एक समान रहे. जब भी जनगणना होती है, तो दक्षिण भारत की जनसंख्या लगातार कम होती जाती है. कल अमित शाह ने घोषणा की कि जो नया संशोधन आया है, उसके तहत सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 कर दी जाएगी, ताकि लोगों को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सके. चूंकि जनगणना कराने में काफी समय लगता है, इसलिए यह कहा गया कि परिसीमन पिछली प्रकाशित जनगणना के आधार पर किया जा सकता है. परिसीमन के बिना सीटों का कोई पुनर्समायोजन संभव नहीं है.”
Women’s Reservation Bill Live: प्रियंका गांधी पर तंज कसा रविशंकर प्रसाद ने कसा तंज
रविशंकर प्रसाद ने प्रियंका गांधी पर तंज कसा और उनकी बातों की निंदा की. उन्होंने कहा, “मैं आमतौर पर प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ कुछ नहीं कहता, लेकिन यह पहली बार है जब मैं ऐसा कर रहा हूं. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने महिलाओं को ‘इस्तेमाल करने’ की बात कही. क्या भारत की महिलाएं कोई ऐसी वस्तु हैं, जिसका इस्तेमाल किया जाए? यह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक महिला सांसद की भाषा है. हम इस भाषा की निंदा करते हैं.”
Women’s Reservation Bill LIVE: ‘महिला आरक्षण नहीं, परिसीमन बिल लेकर आए…’ महुआ मोइत्रा का सरकार पर प्रहार
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, महिला आरक्षण बिल सितंबर, 2023 में ही पास हो चुका है और सबने इस बिल का समर्थन किया था… जो बिल 3 साल पहले पास हो गया था और सभी विपक्षी पार्टियां चाहती थीं कि यह बिल 2024 में ही लागू हो जाए, लेकिन भाजापा ने ऐसा नहीं किया. वो जो अब आए हैं वो एक परिसीमन बिल है, उन्हें लगा कि विपक्षी पार्टियां बेवकूफ हैं और वे यह बात नहीं समझ पाएंगी.
Women’s Reservation Bill Live: ‘विपक्ष ने देश की महिलाओं की राजनीतिक आकांक्षओं को कुचला है’, स्मृति ईरानी का प्रहार
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की साधारण महिलाओं की राजनीतिक आकांक्षाओं को कुचल दिया और उसके समर्थक दल इस पर ‘उत्सव’ मना रहे हैं.
स्मृति ईरानी ने कहा कि देश की संघर्षशील महिलाएं वर्षों से संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रही थीं, लेकिन विपक्ष ने उन्हें उनके अधिकार से वंचित रखने का काम किया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस सोच के तहत महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकार से दूर रखा गया.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह रवैया एक ‘सामंतवादी मानसिकता’ को दर्शाता है, जहां कुछ लोग यह मानते हैं कि लोकतंत्र में अधिकार देना किसी एक व्यक्ति या दल की कृपा से होता है, जबकि असल में यह हर नागरिक का संवैधानिक हक है.
Women’s Reservation Bill Live: महिला विधेयक का समर्थन न करना विपक्ष की बड़ी राजनीतिक भूल – पीएम मोदी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: सूत्रों के के मुताबिक कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष के रुख की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि विधेयक का समर्थन न करना विपक्ष की बड़ी राजनीतिक भूल है, जिसकी कीमत उसे भविष्य में चुकानी पड़ेगी. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह संदेश देश के हर गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए कि विपक्ष महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दल अब अपने इस रुख को सही ठहराने और उसे छिपाने के तरीके खोजने में जुटे हैं.
Women’s Reservation Bill Live: हम उनपर भरोसा कैसे करें – प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: विपक्षी दलों ने एक बार फिर परिसीमन प्रक्रिया को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार को परिसीमन से पहले जातीय जनगणना करानी चाहिए और उसी आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होना चाहिए. उनका आरोप है कि प्रस्तावित परिसीमन आयोग में सरकार अपने मनोनित सदस्यों को बैठाकर पूरी प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है, जैसा अन्य आयोगों में किया गया है. प्रियंका ने आगे असम और जम्मू-कश्मीर के परिसीमन का हवाला देते हुए कहा कि वहां सीटों के पुनर्गठन में मनमानी की गई और विपक्षी नेताओं के क्षेत्रों को प्रभावित किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सीटों का स्वरूप इस तरह बदला गया कि राजनीतिक लाभ सुनिश्चित किया जा सके. प्रियंका गांधी का कहना है कि ऐसी स्थिति में सरकार की नीयत पर भरोसा करना मुश्किल है और जनता भी इस प्रक्रिया को लेकर आशंकित है.
Women’s Reservation Bill Live: उन्हें पहली बार धक्का लगा है – प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: महिला अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रियंका गांधी ने कहा कि कल का दिन काला दिवस इसलिए है, क्योंकि उन्हें पहली बार धक्का लगा है. कांग्रेस का कहना है कि अगर सरकार गंभीर है तो सर्वसम्मति से पारित विधेयक को तुरंत लागू करे और महिलाओं को उनका अधिकार दे. छोटे संशोधनों पर विपक्ष सहयोग के लिए तैयार है. पार्टी ने दावा किया कि महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई 1928 से शुरू हुई और मतदान अधिकार भी कांग्रेस शासन में मिला. साथ ही सरकार पर पीआर स्टंट करने और जनता का भरोसा खोने का आरोप लगाया गया.
Women’s Reservation Bill Live: लोकतंत्र की बड़ी जीत – प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हालिया घटनाक्रम को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया है. उन्होंने कहा कि सरकार की साजिश को नाकाम किया गया, जो संविधान और विपक्ष दोनों की जीत है. प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार ने अचानक सत्र बुलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की. उनके मुताबिक, भाषणों में यह स्पष्ट था कि असहमति रखने वालों को सत्ता से बाहर रखने की मंशा थी. उन्होंने परिसीमन के मुद्दे को भी सरकार की रणनीति बताया, जिसमें महिलाओं को आधार बनाकर सत्ता में बने रहने की योजना बनाई गई. कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है.
Women’s Reservation Bill Live: महिलाओं का मसीहा ऐसे ही नहीं बना जाता है – प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: महिला आरक्षण मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (PG) ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महिलाओं का मसीहा बनने का दावा कर रही है, लेकिन असल काम से ही बदलाव आता है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के मुद्दों पर कांग्रेस का स्पष्ट इतिहास रहा है और पार्टी हमेशा उनके अधिकारों के पक्ष में खड़ी रही है. प्रियंका ने आरोप लगाया कि असल विवाद महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन को लेकर था. उन्होंने कहा कि विपक्ष का सरकार का साथ देना संभव नहीं था, लेकिन एकजुटता से सरकार को घेरा जा सकता है. उन्होंने सरकार से महिलाओं को उनका हक देने की मांग की.
Women’s Reservation Bill Live: हमने परिसीमन की साजिश को हराया है – प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने इनकी (सरकार) परिसीमन की जो साजिश थी उसे हराया है. पूरा विपक्ष कह रहा है आप पुराने कानून को लागू कीजिए. कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि 3 साल पहले जो पास हुआ उसका नोटिफिकेशन अब जारी किया. हम कह रहे हमें कोई आपत्ति नहीं है. पूरा विपक्ष आपके साथ है. अब आप उसे लागू कीजिए. हम महिलाओं के साथ डट कर खड़े हैं. हम इनकी साजिश देश की लोकतंत्र को अखंडता को कमजोर करने का उसके साथ हम कभी खड़े नहीं हो सकते हैं.
Women’s Reservation Bill Live: भाजपा दलित विरोधी है – डिंपल यादव
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: सपा सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी हैं. समाजवादी पार्टी की मांग थी कि OBC महिलाओं को आरक्षण दीजिए. ये लोग आधी आबादी में भी दरार पैदा करने वाले लोग हैं. इन्होंने हमेशा समाज में दरार पैदा किया डर पैदा किया है और इसी हथियार से ये सत्ता में बने हुए है. सामाजिक न्याय की लड़ाई जो पूरे देश में चल रही है वो इसे तवज्जो नहीं देना चाहते हैं.
Women’s Reservation Bill Live: विपक्षी दलों ने महिला अधिकार को रोका है – संजय जायसवाल
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा कि हम सड़कों पर जाएंगे और महिलाओं को समझाएंगे कि किस तरह से विरोधी दलों ने उनके अधिकार को लोकसभा में रोका है. हमें पूरा विश्वास है कि देश की महिलाएं विपक्ष के सांसदों को इतना मजबूर कर देंगी कि अगले 3 महीने में यह बिल निश्चित तौर पर पास कराना उनकी मजबूरी हो जाएगी.
Women’s Reservation Bill Live: महिला आरक्षण का विरोध नहीं, परिसीमन पर आपत्ति – इमरान मसूद
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: इमरान मसूद ने महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का महिला आरक्षण पर कोई विरोध नहीं है, बल्कि परिसीमन को लेकर आपत्ति है. मसूद के अनुसार, सरकार की प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया उत्तर और दक्षिण भारत के बीच टकराव पैदा कर सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को वास्तविक आरक्षण नहीं देना चाहती और इस बिल को केवल इवेंट मैनेजमेंट के तौर पर पेश किया गया, जबकि यह मुद्दा पहले से ही पारित हो चुका था.
Women’s Reservation Bill Live: विपक्ष पुराना महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखेगा: सूत्र
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: इंडिया गठबंधन में शामिल दल देशभर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बतायेंगे कि हम महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन सरकार इसकी आड़ में देश का राजनीतिक नक़्शा बदलना चाह रही थी. सूत्रों के अनुसार, इसी कड़ी में प्रियंका गांधी आज 12 बजे प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगी. उसके बाद कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दल भी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. बैठक में सभी नेताओं ने महिला आरक्षण के नेपथ्य में कथित रूप से परिसीमन बिल को एकजुट होकर न पास होने देने पर एक-दूसरे को बधाई दी. सोनिया गांधी ने सभी सहयोगियों का आभार जताया है.
Special Parliament Session LIVE: लोकसभा का विशेष सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
संसद विशेष सत्र लाइव: शनिवार 18 अप्रैल 2026 को लोकसभा की कार्यवाही के शुरू होते ही स्पीकर ओम बिरला ने विधेयकों के बारे में पूरा ब्योरा सदन के पटल पर रखा. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया. इस तरह से बजट सत्र का औपचारिक समापन भी हो गया.
Women’s Reservation Bill Live: संसद के विशेष सत्र का आज का आखिरी दिन, पीएम मोदी भी मौजूद
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र का आज यानी 18 अप्रैल 2026 को आखिरी दिन है. शुक्रवार 17 अप्रैल को महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर वोटिंग हुई थी. आखिरी दिन पीएम मोदी भी लोकसभा में मौजूद रहे.
Women’s Reservation Bill Live: तेलंगाना में भाजपा नेता हाउस अरेस्ट
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष N. Ramchander Rao को शनिवार को हैदराबाद में पुलिस ने नजरबंद कर दिया. भाजपा ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के आवास के बाहर महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस के रुख के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था. सूत्रों के अनुसार, यह विरोध संसद में कांग्रेस के कथित समर्थन की कमी के खिलाफ था. राव ने नजरबंदी की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश बताया. इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा ने भी प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंका. यह घटनाक्रम उस समय आया है जब भाजपा और उसके सहयोगी National Democratic Alliance ने देशभर में विरोध अभियान शुरू किया है. लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक आवश्यक बहुमत न मिलने से पारित नहीं हो सका, जिसके बाद यह राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है.
Women’s Reservation Bill Live: वोटिंग में 11 सांसद नहीं हुए शामिल, किस पार्टी के कितने नेता
महिला आरक्षण विधेयक लाइव: संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 पर संसद में हुए मतदान के दौरान विपक्ष की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई. कुल 11 सांसद वोटिंग में शामिल नहीं हुए, जिनमें सात तृणमूल कांग्रेस, दो कांग्रेस और दो निर्दलीय सदस्य शामिल थे. दूसरी ओर, सत्तारूढ़ एनडीए के सभी सांसद मतदान के समय मौजूद रहे, जिससे उनकी एकजुटता स्पष्ट हुई. विपक्ष की गैरमौजूदगी ने विधेयक के परिणाम को प्रभावित किया और राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह रणनीतिक चूक थी या अंदरूनी असहमति का संकेत.

