एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने शुक्रवार को प्रदेशभर में एक साथ चार बड़ी कार्रवाई कर नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में जालोर, ब्यावर और जयपुर में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अफीम, स्मैक और गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई। कार्रवाई में पांच तस्करों को डिटेन कर एक स्कूटी भी जब्त की गई। रसोईघर में छुपाकर रखी अफीम एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में की गई। सूचना के आधार पर जुठाराम देवासी के मकान पर दबिश दी गई, जहां रसोईघर में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। पति-पत्नी से मिली स्मैक दूसरी कार्रवाई ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में हुई। कंचन पेट्रोल पंप के पास स्मैक की सप्लाई की सूचना पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार पति-पत्नी को पकड़ा। तलाशी में स्कूटी की डिग्गी से 24.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दीपक कुमार और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली। कॉलेज के आस-पास महिला करती थी नशा सप्लाई तीसरी कार्रवाई जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में की गई। पूर्णिमा कॉलेज के पीछे महात्मा गांधी पुलिया के पास संदिग्ध महिला को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और नशा बेचकर अर्जित 21,500 रुपए नकद बरामद हुए। आरोपिया शरबत देवी को डिटेन किया गया। पुलिस को देख भागने लगी आरोपी महिला चौथी कार्रवाई जयपुर शहर के नारायण विहार थाना इलाके की जयशंकर कॉलोनी में हुई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही लाली देवी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2 हजार रुपए नकद बरामद हुए। आईजी विकास कुमार ने कहा कि प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सफल कार्रवाई में शामिल एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस टीमों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की घोषणा की। बॉक्स: ANTF की आमजन से अपील
यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा है या किसी अपराध में लिप्त है तो इसकी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Source link

