Last Updated:
Jodhpur Famous Drinks: सूर्य नगरी जोधपुर सिर्फ मिर्ची बड़ा और कचौड़ी के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खास ठंडे पेय के लिए भी मशहूर है. गर्मियों में घंटाघर का आम पन्ना और मिश्रीलाल की लस्सी लोगों को खूब आकर्षित करते हैं. वहीं जालोरी गेट का कश्मीरी सोडा और सोजती गेट का मट्टा देसी स्वाद के कारण लोगों की पसंद बने हुए हैं. युवाओं के बीच चिलघर चौराहे का मोजितो भी काफी लोकप्रिय हो रहा है. गर्मी और लू से राहत देने वाले ये ड्रिंक्स स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी खूब पसंद आते हैं.
राजस्थान की भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच अगर कहीं सुकून मिलता है, तो वह है जोधपुर की गलियों में मिलने वाले पारंपरिक ठंडे पेय. सूर्य नगरी का खान-पान सिर्फ मिर्ची बड़ा और कचौड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के खास ड्रिंक्स भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. गर्मियों में स्थानीय लोगों से लेकर पर्यटक तक इन देसी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स का स्वाद लेने पहुंचते हैं. जोधपुर के घंटाघर के पास स्थित भोलेनाथ जूस भंडार का आम पन्ना गर्मियों में किसी राहत से कम नहीं माना जाता है. कच्चे आम, खास मसालों और बर्फ से तैयार यह ड्रिंक शरीर को तुरंत ठंडक पहुंचाता है. गर्मी और लू से बचने के लिए लोग दूर-दूर से यहां आम पन्ना पीने आते हैं. इसकी खास बात इसका देसी स्वाद और मसालों का अनोखा मिश्रण है. दोपहर की तपती धूप में यह ड्रिंक लोगों को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है. यही वजह है कि यह जगह गर्मियों में हमेशा ग्राहकों से भरी रहती है.

घंटाघर स्थित मिश्रीलाल की लस्सी जोधपुर की पहचान मानी जाती है. मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी जाने वाली यह गाढ़ी और मलाईदार लस्सी ऊपर से ताजे माखन के साथ सर्व की जाती है. इसका एक घूंट ही लोगों को पूरी तरह तृप्त कर देता है. पर्यटक खासतौर पर इस लस्सी का स्वाद लेने के लिए यहां पहुंचते हैं. कई लोग तो इसे जोधपुर ट्रिप की सबसे यादगार चीज बताते हैं. गर्मियों में ठंडक और स्वाद का ऐसा मेल बहुत कम जगह देखने को मिलता है.

अगर गर्मी में तुरंत रिफ्रेश होना हो तो जालोरी गेट का कश्मीरी सोडा लोगों की पहली पसंद बन जाता है. ताजे नींबू, मसालों और बर्फीले सोडे से तैयार यह ड्रिंक शरीर को तुरंत ठंडक देता है. खास मशीन से तैयार होने वाला यह सोडा युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. महज 40 रुपयों में मिलने वाला यह पेय लोगों को गर्मी से बड़ी राहत देता है. दोपहर के समय यहां ग्राहकों की भीड़ साफ देखने को मिलती है. इसका चटपटा स्वाद हर किसी को पसंद आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सोजती गेट स्थित दूध मंदिर का मट्टा भी शहर के सबसे चर्चित ड्रिंक्स में शामिल है. इसे तैयार करने का तरीका लोगों को काफी आकर्षित करता है. ताजे दही, बर्फ को एक साथ फेंटकर इसे गाढ़ा बनाया जाता है. ऊपर से मलाई, मक्खन और ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे खास अंदाज़ में सजाया जाता है. यह ड्रिंक स्वाद के साथ पेट भरने का काम भी करता है. गर्मियों में लोग इसे पीकर ठंडक के साथ देसी फ्लेवर का आनंद लेते नजर आते हैं.

चिलघर चौराहे पर स्थित मोजितो प्लांट आजकल युवाओं का नया फेवरेट स्पॉट बना हुआ है. यहां अलग-अलग फ्लेवर के मोजितो और कॉकटेल स्टाइल ड्रिंक्स तैयार किए जाते हैं. नींबू, पुदीना और बर्फ को खास तरीके से मैश कर तैयार किया गया मोजितो लोगों को खूब पसंद आता है. सोडा और सिरप डालने की अनोखी स्टाइल भी लोगों को आकर्षित करती है. शाम होते ही यहां युवाओं की भीड़ देखने को मिलती है. गर्मियों में यह जगह लोगों को स्वाद और ठंडक दोनों का मजा देती है.

