Tuesday, November 3, 2026
Homeफूडटमाटर-मशरूम सूप छोड़िए, इस बार ट्राई करें रागी का ये हेल्दी सूप,...

टमाटर-मशरूम सूप छोड़िए, इस बार ट्राई करें रागी का ये हेल्दी सूप, जानें रेसिपी


सर्दियों के मौसम में कुछ ऐसा पीने का मन करता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को पोषण भी दे. ऐसे में रागी का सूप एक अच्छा विकल्प हो सकता है. रागी यानी नाचनी को कैल्शियम, आयरन और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाए रखने और पाचन को बेहतर रखने में मदद करते हैं. खास बात यह है कि रागी का सूप बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. आप इसमें अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसे और भी पौष्टिक बना सकते हैं. आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट और हेल्दी रागी सूप बनाने का आसान तरीका…

रागी सूप बनाने के लिए सामग्री
– 2 बड़े चम्मच रागी का आटा
– 1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
– 1 छोटा टमाटर बारीक कटा हुआ
– आधी गाजर बारीक कटी हुई
– 2 बड़े चम्मच स्वीट कॉर्न
– 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
– 2 लहसुन की कलियां बारीक कटी हुई
– 1 छोटा चम्मच घी या तेल
– 2 कप पानी या वेजिटेबल स्टॉक
– आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
– स्वादानुसार नमक
– थोड़ा हरा धनिया
– आधा छोटा चम्मच नींबू का रस

रागी सूप बनाने का तरीका
1. सबसे पहले रागी का घोल तैयार करें: एक छोटी कटोरी में रागी का आटा लें. इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि इसमें गांठें न पड़ें. घोल को एक तरफ रख दें. ऐसा करने से सूप बनाते समय रागी का आटा आसानी से पानी में मिल जाएगा.

2. सब्जियों को भूनें: अब एक पैन में घी या तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक और लहसुन डालें. कुछ सेकंड तक पकाने के बाद इसमें गाजर, टमाटर और स्वीट कॉर्न डाल दें. सभी सब्जियों को 2 से 3 मिनट तक हल्का भूनें.

3. सूप का बेस तैयार करें: अब पैन में करीब दो कप पानी या वेजिटेबल स्टॉक डालें. इसमें स्वादानुसार नमक और काली मिर्च मिलाएं. इसे मध्यम आंच पर कुछ मिनट तक पकने दें, ताकि सब्जियां हल्की नरम हो जाएं.

4. रागी का घोल मिलाएं: अब तैयार किया हुआ रागी का घोल पैन में धीरे-धीरे डालें. इस दौरान सूप को लगातार चलाते रहें, ताकि इसमें गांठें न बनें. इसे धीमी आंच पर करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं. धीरे-धीरे सूप गाढ़ा होने लगेगा. अगर आपको सूप ज्यादा गाढ़ा लग रहा है, तो इसमें थोड़ा और गर्म पानी मिला सकते हैं.

5. आखिरी में डालें ये चीजें: जब सूप अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें. इसमें थोड़ा नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालें. आपका गर्मागर्म रागी सूप तैयार है. इसे कटोरी में निकालकर ऊपर से थोड़ी काली मिर्च छिड़कें और तुरंत परोसें.

रागी सूप को स्वादिष्ट बनाने के टिप्स
रागी सूप का स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें मशरूम, पालक, बीन्स या मटर जैसी सब्जियां भी मिला सकते हैं. अगर आपको क्रीमी टेक्सचर पसंद है, तो इसमें थोड़ा दूध भी डाल सकते हैं. हालांकि, दूध डालने के बाद सूप को धीमी आंच पर पकाएं और नींबू का रस गैस बंद करने के बाद ही डालें. सूप में अदरक और काली मिर्च का इस्तेमाल स्वाद के साथ हल्की तीखापन भी देता है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments