किशनगंज में दहेज नहीं मिलने पर एक महिला को परेशान करने और जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति समेत ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्णिया जिले की रहने वाली महिला की शादी चार साल पहले कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र के पक्काबाड़ी गांव के सलीम से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। नुरंगी का आरोप है कि शादी के छह महीने बाद से ही पति और ससुराल वाले उनसे पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट बाइक मांगने लगे थे। गला दबाकर हत्या करने की कोशिश मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। पीड़िता ने बताया कि चार महीने पहले उनके पति ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद भी दहेज की मांग जारी रही। आरोप है कि 15 मार्च की रात पति सलीम एक दूसरे आदमी को घर लेकर आया और नुरंगी पर उस आदमी के साथ संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब उन्होंने विरोध किया, तो उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। महिला के मुताबिक, जान बचाने के लिए जब वह कमरे से बाहर निकली, तो ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज – पुलिस इसके बाद उस पर किरासन तेल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। हालांकि, महिला और उसके बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा होने लगे। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भागने में कामयाब रही। पीड़िता ने बताया कि उसने पूरी रात मक्का के खेत में छिपकर बिताई और सुबह अपने मायके पहुंची। घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले जब ससुराल पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें भगा दिया गया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

