जमुई के झाझा रेलवे स्टेशन पर दानापुर रेल मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद कुमार ने शनिवार को पहली बार निरीक्षण किया। वे अपने स्पेशल ट्रेन से झाझा पहुंचे। उन्होंने डाउन प्लेटफार्म पर विकास कार्यों की प्रगति देखी।
.
DRM ने क्रुलोबी का निरीक्षण कर विभिन्न डिवीजनों से आने-जाने वाले चालक, उपचालक, गार्ड और रनिंग स्टाफ की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षित रेल परिचालन से जुड़े कई पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ठोस कदम उठाने का निर्देश
DRM विनोद कुमार RRB भवन भी गए। वहां उन्होंने डिजिटल ऑपरेशन कंट्रोल व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।
जल्द स्थानीय लोगों से मिलेंगे DRM
इस दौरान वे मीडिया से बातचीत से दूर रहे। साथ आए अधिकारियों ने बताया कि DRM फिलहाल पूरे रेलखंड में ट्रैक और अन्य स्टेशनों की व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। वे झाझा की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द स्थानीय लोगों से मिलेंगे।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी, आरपीएफ एसी राजीव कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर अनिता कुमारी, IOW ओमप्रकाश, CHI गिरीश कुमार सिंह, पावर हाउस फोरमैन अनिल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

