Last Updated:
जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी धुरंधर सीरीज ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है. दोनों पार्ट मिलाकर इस फ्रेंचाइजी ने विश्व स्तर पर 3019.35 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह पहली भारतीय फिल्म सीरीज है, जिसने 3000 करोड़ का जादुई आंकड़ा छुआ है.
नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के इतिहास को यूं तो 100 साल से ज्यादा का समय हो गया है. इन 100 सालों में कई ऐसी फिल्में बनीं, जिन्होंने सिनेमाई इतिहास में नाम दर्ज किया. लेकिन साल 2025 और 2026 में एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई, जिसने इस इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया. ये फिल्म कोई और नहीं बल्कि आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर है. इस फ्रेंचाइजी ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है.

यह पहली भारतीय फिल्म सीरीज बन गई है, जिसने यह मुकाम हासिल किया है, जिससे बॉलीवुड के लिए एक नया बेंचमार्क बनाया है. धुरंधर और धुरंधर 2 फ्रेंचाइजी ने विश्व स्तर पर 3019.35 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह पहली भारतीय फिल्म सीरीज है, जिसने 3000 करोड़ का जादुई आंकड़ा छुआ है.

मजेदार बात ये है कि इससे पहले किसी भी भारतीय फ्रैंचाइजी ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी. धुरंधर अब बाहुबली के 2438 करोड़ और पुष्पा 2092 करोड़ रुपये से बहुत आगे निकल गई है. रणवीर सिंह की इस फिल्म में भारतीय सिनेमा को ग्लोबल स्तर पर नई ऊंचाई दी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस सफलता की शुरुआत 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई पहली फिल्म धुरंधर से हुई. रिलीज से पहले ट्रेड एक्सपर्ट्स को इसकी सफलता को लेकर संशय था, लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही शानदार प्रदर्शन किया. यह फिल्म एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. फिल्म ने भारत में 840 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका कुल ग्रॉस 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. वहीं, दुनियाभर में इस फिल्म ने 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की, जिससे यह अब तक की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई. चीन में रिलीज न होने के बावजूद इसका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा.

पहली फिल्म की सफलता के बाद सिर्फ चार महीने में इसका सीक्वल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ थिएटर में आ गई. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर और भी बड़ा धमाका किया. फिल्म ने दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और कई नए रिकॉर्ड बनाए. यह पहली फिल्म बनी जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक ही भाषा (हिंदी) में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया.

दुनिया भर में धुरंधर 2 ने 1712 करोड़ का कारोबार किया. विदेशी बाजार में इसने 414.50 करोड़ कमाए. दोनों फिल्मों के भारत ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह 2305.35 करोड़ पहुंच गया, जबकि ओवरसीज कलेक्शन 714 करोड़ रहा. कुल मिलाकर ये फ्रेंचाइजी 3019.35 करोड़ पर पहुंच गई.

फिल्म को ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने प्रोड्यूस किया है. दोनों पार्ट के डायरेक्टर आदित्य धर हैं. फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायरेक्शन की तारीफ की जा रही है. हाई-ऑक्टेन एक्शन, देशभक्ति और मास अपील ने इसे युवा से लेकर परिवार तक हर वर्ग का पसंदीदा बना दिया.

इस सफलता से साबित होता है कि अच्छी कहानी, शानदार प्रोडक्शन और सही मार्केटिंग के साथ भारतीय फिल्में अब हॉलीवुड के बड़े फ्रैंचाइजी के बराबर खड़ी हो सकती हैं. धुरंधर फ्रेंचाइजी ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि भारतीय सिनेमा की ग्लोबल पहुंच को भी नई दिशा दी है.

