Last Updated:
Badam Barfi Making Tips: समस्तीपुर के कारीगर कौशल किशोर साह ने घर पर हलवाई जैसी बादाम बर्फी बनाने की आसान विधि बताई है. 3-4 घंटे बादाम भिगोकर छिलका हटाएं. 1 किलो बादाम में 800 ग्राम चीनी की चाशनी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. बिना मैदा के बनने वाली यह स्वादिष्ट बर्फी आसानी से तैयार की जा सकती है.
Badam Barfi Making Tips: त्योहार हो या घर में मेहमानों का आगमन, मिठाइयों का स्वाद हर मौके को खास बना देता है. बाजार में मिलने वाली बादाम बर्फी लोगों की पसंदीदा मिठाइयों में से एक है. हालांकि, अब आप इस मिठाई को घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसके लिए न किसी महंगे सामान की जरूरत है. न ही हलवाई जैसी विशेष मशीन की. बस बादाम को तैयार करने, चीनी की चाशनी बनाने और मिश्रण को सही तरीके से पकाने की जानकारी होनी चाहिए. लोकल 18 की टीम ने बादाम बर्फी बनाने वाले अनुभवी कारीगर कौशल किशोर साह से खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि कुछ आसान ट्रिक और टिप्स अपनाकर घर पर भी हलवाई जैसी स्वादिष्ट बादाम बर्फी बनाई जा सकती है.
3-4 घंटे बादाम भिगोना जरूरी, छिलका हटाने से बेहतर बनेगा स्वाद
कारीगर कौशल किशोर साह के मुताबिक, बादाम बर्फी बनाने की शुरुआत बादाम को तैयार करने से होती है. सबसे पहले जरूरत के अनुसार बादाम लें. उसे कम से कम तीन से चार घंटे तक पानी में भिगोकर रखें. इसके बाद बादाम को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह उबाल लें. जब बादाम नरम हो जाएं तो उसे गर्म पानी से निकालकर ठंडे पानी में डाल दें. अब बादाम का छिलका आसानी से उतारा जा सकता है. उन्होंने बताया कि बादाम का छिलका हटाना जरूरी है, क्योंकि इससे बर्फी का रंग और बनावट बेहतर होती है. इसके बाद छिले हुए बादाम को ग्राइंडर में डालकर अच्छी तरह पीस लें. ध्यान रखें कि बादाम का पेस्ट चिकना हो, उसमें दाने या गांठ न रह जाए.
एक किलो बादाम में 800 ग्राम चीनी, चाशनी का गाढ़ापन है जरूरी
बादाम बर्फी बनाने में चीनी की मात्रा और चाशनी का गाढ़ापन सबसे महत्वपूर्ण होता है. कारीगर के अनुसार एक किलो बादाम में करीब 800 ग्राम चीनी की जरूरत होती है. सबसे पहले चीनी को कड़ाही में पानी के साथ गर्म करके चाशनी तैयार करें. ध्यान रखें कि चाशनी बहुत पतली न हो, बल्कि थोड़ी मोटी होनी चाहिए. इसके बाद तैयार बादाम के पेस्ट को चाशनी में डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. इससे मिश्रण कड़ाही में नीचे चिपकेगा नहीं और अच्छी तरह पक जाएगा. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा इलायची पाउडर भी मिलाया जा सकता है. खास बात यह है कि बादाम बर्फी बनाने में मैदा की जरूरत नहीं पड़ती.
मिश्रण को बेलकर करें कटिंग, तैयार हो जाएगी बादाम बर्फी
जब बादाम और चाशनी का मिश्रण अच्छी तरह पककर गाढ़ा हो जाए, तो उसे कड़ाही से निकालकर साफ सतह या थाली में रख दें. थोड़ा ठंडा होने के बाद मिश्रण को बेलकर पतली परत तैयार करें. अब चाकू की मदद से मनचाहे आकार में इसकी कटिंग कर लें. कुछ देर जमने देने के बाद आपकी स्वादिष्ट बादाम बर्फी तैयार हो जाएगी. कारीगर कौशल किशोर साह के अनुसार बादाम को सही तरीके से तैयार करना, चाशनी का उचित गाढ़ापन और मिश्रण को अच्छी तरह पकाना ही इस मिठाई की सफलता का राज है. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप घर पर ही हलवाई जैसा स्वाद पा सकते हैं.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

