सागर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार, 23 नवंबर को पन्ना में उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने पवई में चक्की-स्पेलर उद्योग के लिए मंजूर सरकारी सब्सिडी जारी कराने के बदले 2 लाख रुपए मांगे थे। मामले में उनकी पत्नी और शिक्षा विभाग में पदस्थ रवि खरे को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पवई निवासी भगवत साहू ने चक्की-स्पेलर उद्योग लगाया था। इसके लिए शासन ने 2 लाख 30 हजार 8 रुपए की सब्सिडी मंजूर की थी। शिकायत के मुताबिक, सब्सिडी जारी कराने के बदले सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने 2 लाख रुपए और विभाग के एक अन्य कर्मचारी प्रजापति ने 60 हजार रुपए मांगे थे। भगवत साहू ने रिश्वत की मांग को लेकर ऑनलाइन नंबर के जरिए भोपाल में संपर्क किया। वहां से मिले निरीक्षक के नंबर पर बात करने के बाद उन्होंने सागर लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दी। शिकायत की गोपनीय जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। पहले 10 हजार दिए, दूसरी किश्त लेते पकड़े गए शिकायतकर्ता भगवत साहू के मुताबिक, अधिकारी ने 2 लाख रुपए चार किश्तों में देने की बात कही थी। वे पहले ही 10 हजार रुपए दे चुके थे। सोमवार को 50 हजार रुपए की दूसरी किश्त देने के लिए पहुंचे। जैसे ही श्रीवास्तव ने रुपए लिए, लोकायुक्त टीम ने उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद भगवत साहू ने मीडिया को बताया कि उन्होंने पवई में चक्की-स्पेलर उद्योग लगाया था, जिसके लिए 2 लाख 30 हजार 8 रुपए की सब्सिडी मंजूर हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सब्सिडी जारी कराने के बदले अधिकारी ने रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्नी को भी बनाया सह आरोपी लोकायुक्त टीआई (सागर) रोशनी सिंह ने बताया कि आवेदक साहू को ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना’ के तहत ऑयल मिल लगाने के लिए (स्वयं व पत्नी के नाम पर) कुल ₹4.51 लाख की सब्सिडी स्वीकृत हुई थी। इस सब्सिडी को बैंक से वापस न मंगाने के एवज में पन्ना के सहायक संचालक (उद्यान) प्रदीप श्रीवास्तव ने ₹2 लाख की रिश्वत मांगी थी। आज लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को उनके शासकीय आवास (F-3 क्वार्टर) में रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹50,000 लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस दौरान उनकी पत्नी रश्मि खरे (शिक्षा विभाग में पदस्थ) ने रिश्वत के पैसे लेकर क्वार्टर की बाउंड्री के बाहर फेंक दिए, जिस पर उन्हें भी सह-आरोपी बनाया गया है।
Source link
पन्ना में सहायक संचालक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार: सब्सिडी जारी करने के बदले मांगी थी रकम; शिक्षा विभाग में पदस्थ पत्नी भी सह-आरोपी – Panna News
RELATED ARTICLES

