मुजफ्फरपुर पुलिस टीम पर हमला करने वाले 8 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के लिए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर टीम बनी थी। टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। दरअसल, पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में पियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक डीजे लगे वाहन को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि (सरपंच) और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और स्थानीय सरपंच की पिटाई की बात सामने आई। सरपंच के साथ हुई घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग उग्र हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस-पब्लिक के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव और हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में पुलिस के कई वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था। मामला पियर थाना क्षेत्र का है।
सभी आरोपी एक ही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं पुलिस ने पियर थाना में केस दर्ज किया। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस टीम पर हमला करने वाले चिह्नित उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने 8 को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पियर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार, इस हिंसक घटना में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
Source link

