Last Updated:
Onion Besan Pakoda Recipe: बरसात के मौसम में गरमागरम पकोड़ों का स्वाद कौन नहीं लेना चाहता? अब प्याज और बेसन के पकोड़ों को और भी कुरकुरा बनाने का एक आसान तरीका सामने आया है. बस एक खास सामग्री मिलाने से आपके पकोड़े इतने क्रिस्पी बनेंगे कि हर कोई आपकी तारीफ करेगा. चाय के साथ इन कुरकुरे पकोड़ों का आनंद दोगुना हो जाएगा. जानिए क्या है वह जादुई चीज जो आपके पकोड़ों को बनाएगी लाजवाब…
Onion Besan Pakoda Recipe: देश के कई राज्यों में बारिश शुरू हो चुकी है और बरसात के आते ही दिमाग में सबसे पहले पकोड़ों का ध्यान आ जाता है. बारिश की रिमझिम फुहारें, मिट्टी की खुशबू और मौसम के ठंडक के बीच गर्म गर्म चाय के साथ प्याज-बेसन के पकोड़े हों तो बस मजा ही आ जाए. अगर आप भी इस मानसून अपने परिवार के लिए स्वादिष्ट और कुरकुरे पकोड़े बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए है. कम समय में तैयार होने वाले ये पकोड़े सुबह या शाम की चाय के साथ बेहतरीन स्नैक साबित हो सकते हैं. अगर आप इस रेसिपी के साथ प्याज के पकोड़े बनाते हैं तो मजा आपका दोगुना हो जाएगा. आइए जानते हैं प्याज बेसन पकोड़े बनाने की विधि और सामग्री…
प्याज-बेसन के पकोड़े बनाने की आवश्यक सामग्री:
2 बड़े प्याज (पतले और लंबे कटे हुए)
2 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा (अधिक कुरकुरापन के लिए)
2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
2 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
आवश्यकतानुसार पानी
तलने के लिए रिफाइंड या सरसों का तेल
प्याज-बेसन के पकोड़े बनाने की विधि
प्याज-बेसन के पकोड़े बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में कटे हुए प्याज डालें और उसमें नमक मिलाकर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे प्याज थोड़ा पानी छोड़ देगा और पकोड़ों का स्वाद बेहतर होगा. अब इसमें बेसन, चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, थोड़ी सी अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला ना हो, क्योंकि इससे पकोड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे.
तेल गर्म करें
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब तैयार मिश्रण को हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे हिस्सों में तेल में डालें. मीडियम आंच पर पकोड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने के बाद इन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि बचा हुआ तेल निकल जाए.
इन चीजों के साथ ले सकते हैं आनंद
गरमा-गरम प्याज-बेसन के पकोड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें. साथ में अदरक, इलायची या मसाला चाय हो तो बरसात का आनंद और भी बढ़ जाता है.
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
अगर पकोड़ों को ज्यादा कुरकुरा बनाना चाहते हैं तो बेसन में थोड़ा चावल का आटा या सूजी मिला सकते हैं. मिश्रण को अधिक देर तक ना रखें और हमेशा मीडियम आंच पर ही पकोड़े तलें. इससे वे बाहर से कुरकुरे और अंदर से अच्छी तरह पके हुए बनेंगे. बरसात के मौसम में घर पर बने ताजे और गर्मागर्म प्याज-बेसन के पकोड़े ना केवल स्वाद का आनंद बढ़ाते हैं बल्कि परिवार के साथ बिताए गए खुशनुमा पलों को भी यादगार बना देते हैं.
About the Author

पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…और पढ़ें

