Monday, May 25, 2026
Homeबिज़नेसफ्री डेबिट कार्ड,पढ़ाई का बीमा व जीरो बैलेंस, बच्‍चों के लिए बेस्‍ट...

फ्री डेबिट कार्ड,पढ़ाई का बीमा व जीरो बैलेंस, बच्‍चों के लिए बेस्‍ट बैंक खाते


नई दिल्‍ली. आज के इस डिजिटल दौर में माता-पिता अपने बच्चों को छोटी उम्र से ही पैसों की अहमियत और बचत की सही आदत सिखाना चाहते हैं. रील्स और ऑनलाइन गेमिंग के जमाने में बच्चों को वित्तीय अनुशासन सिखाना आसान नहीं है, लेकिन देश के कई बड़े बैंक इस काम में पैरेंट्स की मदद कर रहे हैं. ये बैंक बच्चों और टीनएजर्स के लिए खास तरह के जीरो बैलेंस सेविंग अकाउंट खोलते हैं.

इन अनूठे खातों के जरिए बच्चे न सिर्फ अपनी पॉकेट मनी या रिश्तेदारों से मिले शगुन के पैसों को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि बैंकिंग के तौर-तरीके भी सीख सकते हैं. इन अकाउंट्स की सबसे अच्छी बात यह है कि इनमें पैरेंटल कंट्रोल, कस्टमाइज्ड डेबिट कार्ड, मोबाइल बैंकिंग और खर्च की एक सीमा तय करने जैसी बेहद सुरक्षित सुविधाएं मिलती हैं. साथ ही कुछ बैंक तो पढ़ाई का बीमा तक करत हैं.

कोटक माय जूनियर अकाउंट

कोटक महिंद्रा बैंक बच्चों के लिए ‘कोटक माय जूनियर अकाउंट’ की सुविधा देता है. यह अकाउंट 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बनाया गया है और इसमें न्यूनतम बैलेंस रखने की जरूरत नहीं होती. बच्चों को पर्सनलाइज्ड जूनियर डेबिट कार्ड मिलता है, जिसमें एटीएम से निकासी की सीमा तय रहती है.

इस खाते पर बचत राशि पर ब्याज भी मिलता है. साथ ही, बच्चों के लिए शॉपिंग, फूड और एजुकेशन से जुड़े कई खास ऑफर्स भी दिए जाते हैं. यह अकाउंट भारतीय निवासी बच्चों के लिए उपलब्ध है, जबकि अभिभावक भारतीय या एनआरआई दोनों हो सकते हैं.

बड़ौदा चैंप अकाउंट (Baroda Champ Account)

सरकारी क्षेत्र का दिग्गज बैंक ऑफ बड़ौदा बच्चों में बचत की आदत डालने के लिए ‘बड़ौदा चैंप अकाउंट’ लेकर आया है. यह अकाउंट 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए उपलब्ध है और इसमें जीरो बैलेंस की सुविधा मिलती है.

इस खाते में स्कूल फीस भुगतान पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता और फीस जमा करने के लिए हर महीने एक फ्री डिमांड ड्राफ्ट की सुविधा भी मिलती है. 10 साल से अधिक उम्र के बच्चों को थीम-आधारित रुपे डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग की सुविधा दी जाती है. इस खाते में अधिकतम 1 लाख रुपए तक की राशि रखी जा सकती है.

इंडस यंग सेवर अकाउंट (Indus Young Saver Account)

इंडसइंड बैंक बच्चों में बचत की आदत विकसित करने के लिए ‘इंडस यंग सेवर अकाउंट’ ऑफर करता है. यह अकाउंट 10 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए उपलब्ध है. इस खाते के साथ कस्टमाइज्ड डेबिट कार्ड, ऑनलाइन शॉपिंग सुविधा और पर्सनलाइज्ड चेकबुक जैसी सुविधाएं दी जाती हैं. बैंक का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही पैसों के प्रबंधन की समझ देना है.

एचडीएफसी किड्स एडवांटेज अकाउंट (Kids Advantage Account)

निजी क्षेत्र के सबसे बड़े एचडीएफसी बैंक का ‘किड्स एडवांटेज अकाउंट’ पैरेंट्स के बीच काफी लोकप्रिय है.

  • खासियत: इस खाते में जबरदस्त ‘पैरेंटल कंट्रोल’ मिलता है. माता-पिता अपने बच्चों के खर्च की दैनिक सीमा (Daily Limit) खुद तय कर सकते हैं और उनके हर एक ट्रांजैक्शन को ट्रैक कर सकते हैं.
  • मुफ्त शिक्षा बीमा: इस अकाउंट का सबसे बड़ा यूएसपी (USP) यह है कि बैंक इसके साथ एक फ्री एजुकेशन इंश्योरेंस कवर प्रदान करता है. किसी भी अप्रिय दुर्घटना की स्थिति में बच्चे की पढ़ाई का खर्च प्रभावित न हो, इसके लिए यह बीमा बेहद मददगार साबित होता है.
  • अन्य फायदे: खाते के साथ डेबिट कार्ड, चेकबुक, एटीएम निकासी, एसएमएस अलर्ट और नेट बैंकिंग जैसी तमाम आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं.

आईडीबीआई किड्स सेविंग अकाउंट

आईडीबीआई बैंक का ‘किड्स सेविंग अकाउंट’ भी बच्चों के लिए एक बेहतरीन विकल्प के रूप में जाना जाता है, जिसमें बैंक बच्चों के लिए विशेष सेविंग अकाउंट की सुविधा देता है. इस खाते में बच्चों को विशेष डिजाइन वाला एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य बैंकिंग सुविधाएं दी जाती हैं.

हालांकि इस खाते में न्यूनतम औसत बैलेंस की शर्त लागू होती है, लेकिन बच्चों के लिए बैंकिंग और बचत की शुरुआती समझ विकसित करने के लिहाज से इसे उपयोगी माना जा रहा है. इसमें एटीएम निकासी की सीमा भी तय रहती है ताकि खर्च पर नियंत्रण बना रहे.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments