सरफराज वारसी | बाराबंकी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश में भीषण शीतलहर के बीच बाराबंकी के एक निजी स्कूल ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन करते हुए स्कूल खोल दिया। मामला संज्ञान में आने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अन्ना सूदन ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
राज्य में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था। बाराबंकी को प्रदेश का सबसे ठंडा जिला भी रिकॉर्ड किया गया है।
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, बाराबंकी शहर के बड़ेल मोहल्ले में स्थित श्री साईं इंटर कॉलेज पर आदेशों की अनदेखी करते हुए स्कूल खोलने का आरोप लगा है। शीतलहर के बीच बच्चों को स्कूल बुलाया जा रहा था।

स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि अनुपस्थित रहने पर उनकी हाजिरी काट दी जाती थी और परीक्षा में बैठने न देने की धमकी दी जाती थी। एक छात्र ने बताया कि बुखार होने के बावजूद उसे स्कूल आना पड़ा, क्योंकि अनुपस्थित रहने पर भविष्य खराब करने की चेतावनी दी गई थी।
अभिभावकों ने भी इस पर रोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि शीतलहर में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। सीडीओ अन्ना सूदन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के आदेशों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

