Last Updated:
प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और डायरेक्टर डेविड धवन के बीच विवाद शुरू हो गया है. यह मामला ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में चुनरी चुनरी गाने के इस्तेमाल से जुड़ा है. इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े पर ‘बीवी नंबर 1’ के आइकॉनिक गाने का रीमेक फिल्माया गया है. वाशु भगनानी ने बिना इजाजत उनके इस सुपरहिट गाने को दोबारा रीक्रिएट करने पर कड़ी आपत्ति जताई है.
नई दिल्ली. ‘बीवी नंबर 1’ के आइकॉनिक गाने चुनरी चुनरी को लेकर प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और टिप्स फिल्म्स के बीच कानूनी जंग छिड़ गई है. टिप्स अपनी आगामी फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में इस गाने का रीमेक कर रही है, जिसके खिलाफ वाशु ने कोर्ट का रुख किया है. वाशु भगनानी ने बताया कि उन्होंने वरुण धवन की मूवी कुली नंबर 1 के लिए डेविड धवन को मोटी रकम दी थी लेकिन फायदे के बजाय उन्हें भारी नुकसान हुआ.

वाशु भगनानी इस गाने के रीमेक से बेहद नाराज हैं. इसके साथ ही उन्होंने साल 2020 में आई फिल्म कुली नंबर 1 के रीमेक के दौरान हुए तगड़े नुकसान का दर्द भी बयां किया और कहा कि इस नुकसान पर न तो डेविड धवन और न ही वरुण धवन ने कभी उनसे बात करने की जहमत उठाई.

एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में भड़ास निकालते हुए वाशु भगनानी ने कहा, ‘मैंने डेविड जी से साफ कहा था कि मैं बीवी नंबर 1 बनाना चाहता हूं. कुली नंबर 1′ में हमें लगभग 27 करोड़ रुपये का भारी नुकसान झेलना पड़ा था. उस फिल्म में मैं सिर्फ नाम का प्रोड्यूसर था, जबकि प्रोडक्शन से लेकर खर्चों तक का सारा काम 100 फीसदी खुद डेविड जी ही संभाल रहे थे. मैंने डेविड जी को वह फिल्म बनाने के लिए भारी-भरकम रकम दी थी, लगभग 70 करोड़ रुपये, जो उस वक्त उनकी मार्केट वैल्यू से भी कहीं ज्यादा थी.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

वाशु भगनानी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘वह कोरोना का दौर था और डेविड जी ने मुझसे वादा किया था कि आपका जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई हम आगे चलकर कर देंगे. चलिए, अब बीवी नंबर 1 पर काम शुरू करते हैं. उनके कहने पर हमने 6 महीने तक बीवी नंबर 1 के रीमेक पर काम भी किया. लेकिन एक दिन रोहित धवन ने मुझसे आकर कहा कि स्क्रिप्ट अभी तैयार नहीं है. चूंकि यह क्रिएटिव काम था, तो मैंने भी जल्दबाजी न दिखाते हुए कहा कि कोई बात नहीं, आराम से फिल्म बनाते हैं.’

हालांकि, बात तब बिगड़ गई जब वाशु भगनानी को पता चला कि उनकी फिल्म बीवी नंबर 1 का आइकॉनिक गाना चुनरी चुनरी, डेविड धवन की नई फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने बताया, ‘करीब 3 महीने बाद मुझे खबर मिली कि रमेश तौरानी और डेविड धवन साथ मिलकर फिल्म बना रहे हैं. मुझे थोड़ा बुरा जरूर लगा, पर मुझे लगा कि मैं उन्हें रोक नहीं सकता. लेकिन एक साल बाद जब मैंने देखा कि चुनरी चुनरी गाना उस फिल्म का हिस्सा है, तो मेरा माथा ठनका. मैंने तुरंत डेविड धवन को फोन घुमाया और पूछा कि आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?’

रमेश तौरानी पर चालाकी करने का आरोप लगाते हुए वाशु ने कहा, ‘हमने फिल्म की रिलीज के वक्त बीवी नंबर 1 के सिर्फ ऑडियो राइट्स टिप्स को बेचे थे. लेकिन ये लोग बदमाशी करके उसका वीडियो चला रहे थे. हद तो तब हो गई जब वे इस मुद्दे पर हमसे मिलने तक को तैयार नहीं थे. इसके बाद हमने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. डेविड धवन हमारी ही फिल्म का गाना अपने बेटे की फिल्म के लिए कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, वो भी रमेश तौरानी के प्रोडक्शन में?

उन्होंने आगे कहा, ‘फिल्म इंडस्ट्री में कुछ एथिक्स तो होने चाहिए. माना कि रमेश तौरानी ने आपको मोटी रकम दी है, लेकिन आप मेरे प्रोडक्शन का गाना ऐसे रीक्रिएट नहीं कर सकते. कम से कम डेविड जी मुझे एक फोन करके इतना तो कह सकते थे कि वाशु जी, मैं वही पुराना गाना अपने बेटे के लिए इस्तेमाल कर रहा हूं. उम्मीद है आपको कोई आपत्ति नहीं होगी, प्लीज सपोर्ट करिए. अगर वह ऐसा करते, तो मैं खुद बिना किसी आपत्ति के एनओसी दे देता और मुझे कोई बुरा भी नहीं लगता.’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वाशु भगनानी ने साल 2020 में आई फिल्म कुली नंबर 1 के फ्लॉप होने पर अपने दर्द को दोबारा बयां किया. उन्होंने कहा, ‘मुझे कुली नंबर 1 में पूरे 27 करोड़ रुपये का भारी-भरकम नुकसान झेलना पड़ा था. दुख इस बात का है कि वरुण धवन ने एक बार भी आकर मेरा हालचाल जानने या यह पूछने की जहमत तक नहीं उठाई कि अंकल, आपका इतना बड़ा घाटा हो गया है, इसकी भरपाई कौन करेगा?’

दरअसल, पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स इंडस्ट्रीज पर उनकी 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म बीवी नंबर 1 के एवरग्रीन गाने चुनरी चुनरी को बिना इजाजत डेविड धवन की अगली फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. इस मामले में वाशु भगनानी की प्रोडक्शन कंपनी (पूजा एंटरटेनमेंट) ने कानूनी रास्ता अख्तियार किया, जिसके बाद बिहार के कटिहार की एक अदालत ने इस गाने के इस्तेमाल पर फिलहाल गाने के इस्तेमाल को रोकने का आदेश दे दिया है.

