बुलंदशहर में 11 वर्षीय स्कूली छात्रा चारु कश्यप का शव 90 घंटे के लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। चारु का शव चावली गांव के पास काली नदी से मिला। वह 28 जुलाई को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित भूतेश्वर मंदिर के पास एक उफनते नाले में गिरकर बह गई थी। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली चारु 28 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से घर लौट रही थी। मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें पानी से लबालब थीं, तभी वह नाले में गिर गई और तेज बहाव में बह गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, नगर पालिका, SDRF और NDRF की टीमों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को अभियान को तेज करने के लिए बागपत से 7 विशेषज्ञ गोताखोरों को भी बुलाया गया था। यह संयुक्त अभियान 90 घंटे तक चला। सीओ सिटी प्रखर पांडे ने बताया कि NDRF, SDRF और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह चारु कश्यप का शव काली नदी से बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि छात्रा का शव मिलने के बाद NDRF की टीम वापस लौट गई है। NDRF के सब-इंस्पेक्टर मनोज शर्मा ने बताया कि जिस नाले में बच्ची गिरी थी, वह सीधे काली नदी में मिलता है। पूरे शहर का प्लास्टिक और कचरा इसी नदी में बहकर आता है, जिससे रेस्क्यू बोट के इंजन का फैन बार-बार जाम हो रहा था। नदी का पानी अत्यधिक प्रदूषित और काला होने के कारण पानी के अंदर देखना लगभग असंभव था। इन प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, गोताखोर और बचाव कर्मी लगातार पानी में उतरकर हर संभावित जगह पर बच्ची की तलाश करते रहे और अंततः शव को ढूंढ निकालने में सफल रहे।
Source link
बुलंदशहर में 90 घंटे बाद मिला चारू का शव: स्कूल से लौटते समय उफनाते नाले में गिरकर बह गई थी, 7 एक्सपर्ट भी बुलाए गए थे – Bulandshahar News
RELATED ARTICLES

