बूंदी सभापति समेत 7 नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक वोटिंग के बाद होगी मतगणना।
बूंदी जिले की 8 नगर निकायों में बोर्ड गठन को लेकर तस्वीर सोमवार, 21 सितंबर को साफ हो जाएगी। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत बूंदी नगर परिषद के सभापति और इंद्रगढ़, लाखेरी, नैनवां, देई, हिंडोली, केशोरायपाटन व कापरेन नगरपालिका के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव
.
जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार, सभी 8 निकायों में अध्यक्ष/सभापति पद के लिए कुल 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। चुनाव को देखते हुए दोनों प्रमुख दलों के पार्षद फिलहाल बाड़ाबंदी में हैं।
बूंदी में दो बड़े नेताओं के बीच सीधा मुकाबला
जिले की सबसे अहम बूंदी नगर परिषद में सभापति पद को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने पूर्व सभापति प्रत्याशी रहे अनुभवी नेता टीकम जैन को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने भरत कुमार शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। नगर परिषद में कुल 60 वार्ड हैं। दोनों ही दलों की ओर से बहुमत हासिल करने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सोमवार को होने वाला चुनाव बोर्ड गठन की दिशा तय करेगा।
नैनवां में त्रिकोणीय मुकाबला
नैनवां नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला तीन उम्मीदवारों के बीच है। भाजपा ने देवकी बाई, कांग्रेस ने कृष्णा मित्तल और निर्दलीय के रूप में युवा चेहरे दिलखुश पोटर को मैदान में उतारा है। निर्दलीय उम्मीदवार की मौजूदगी से यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
इंद्रगढ़ में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
महिला आरक्षित इंद्रगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ऋतु जैन और भाजपा की बीना शर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों दलों के सामने अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने की चुनौती है।
केशोरायपाटन में दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
केशोरायपाटन नगरपालिका में भाजपा ने अनुराधा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से तुषार शर्मा चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला है।
लाखेरी में एक पार्षद का अंतर, निर्दलीय निर्णायक
लाखेरी नगरपालिका में कांग्रेस के पवन कुमार और भाजपा के राकेश कुमार (बाबा) के बीच कड़ी टक्कर है। यहां कांग्रेस के पास भाजपा से एक पार्षद ज्यादा है। नगरपालिका के 35 वार्डों में 17 कांग्रेस, 16 भाजपा और 2 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में दोनों निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
कापरेन में 3 निर्दलीयों पर नजर
महिला आरक्षित कापरेन नगरपालिका में कांग्रेस की सुनीता और भाजपा की अनुपमा अध्यक्ष पद के लिए आमने-सामने हैं। यहां कुल 25 वार्ड हैं। भाजपा और कांग्रेस के पास 11-11 वार्ड हैं, जबकि 3 निर्दलीय पार्षद हैं। दोनों प्रमुख दलों के बराबर संख्या में होने के कारण निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।
देई में भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला
देई नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से महावीर और कांग्रेस से राजू लाल मैदान में हैं। यहां भाजपा का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।
हिंडोली में कांग्रेस का पलड़ा मजबूत होने का दावा
हिंडोली नगरपालिका में भाजपा के लोकेश और कांग्रेस के हनुमान के बीच मुकाबला है। यहां कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।
कल दोपहर तक साफ हो जाएगी तस्वीर
जिला निर्वाचन विभाग ने सभी 8 निकायों में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी। परिणाम आने के साथ ही तय हो जाएगा कि बूंदी जिले की 8 निकायों में अध्यक्ष और सभापति की कुर्सी पर किस दल का बोर्ड बनता है।

