Last Updated:
Roasted Chana Mithai Recipe: घर पर कम मेहनत में मिठाई बनानी हो तो भुने चने से यह आसान रेसिपी तैयार की जा सकती है. इसमें भुने चने के साथ काजू, बादाम, नारियल, मिल्क पाउडर और मलाई का इस्तेमाल किया जाता है. भुने चने को बारीक पीसकर छानने से मिठाई का टेक्सचर ज्यादा मुलायम रखने में मदद मिलती है. मिश्रण को बांधने के लिए दूध एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके मिलाना बेहतर रहता है. तैयार मिश्रण को ट्रे में अच्छी तरह दबाकर मनचाहे आकार में काटा जा सकता है. ऊपर से पिस्ता, बादाम या सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर मिठाई को खूबसूरत बनाया जा सकता है.
चने की मिठाई कैसे बनाएं (इमेज AI)
Roasted Chana Mithai Recipe: घर में अचानक मीठा खाने का मन हो या मेहमान आने वाले हों, तब लंबी तैयारी वाली मिठाई बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है. मावा, चाशनी और गैस पर लगातार पकाने की झंझट से बचना हो तो भुने चने से बनी यह मिठाई अच्छा विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए भुने चने के साथ ड्राई फ्रूट्स, नारियल, मिल्क पाउडर और मलाई का इस्तेमाल किया जाता है. रेखा की रसोई से मिली इस रेसिपी में किसी तरह की लंबी कुकिंग नहीं करनी पड़ती. सारी सामग्री मिलाकर मिठाई का मिश्रण तैयार किया जाता है और फिर उसे मनचाहा आकार दिया जाता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
भुने चने की मिठाई के लिए तैयार करें सीक्रेट पाउडर
इस मिठाई का स्वाद बढ़ाने के लिए सबसे पहले ड्राई फ्रूट्स और चीनी का पाउडर तैयार करें. इसके लिए मिक्सी जार में काजू, बादाम, आधा कप चीनी और 2 हरी इलायची डालें. सभी चीजों को बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को छलनी से छान लें ताकि चीनी या ड्राई फ्रूट्स के मोटे टुकड़े अलग हो जाएं. अब इसमें आधा कप डेसिकेटेड कोकोनट और आधा कप मिल्क पाउडर डालें. इसके बाद 3 चम्मच ताजी मलाई डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. यह मिश्रण मिठाई को मलाईदार स्वाद और नरम टेक्सचर देने में मदद करेगा.
भुने चने का मिश्रण ऐसे करें तैयार
अब मिक्सी जार में 2 कप बिना छिलके वाले भुने चने डालें. इन्हें अच्छी तरह पीसकर बारीक पाउडर बना लें. चने के आटे को छलनी से छानना बेहतर रहेगा, इससे मिठाई का टेक्सचर ज्यादा मुलायम बनेगा. छने हुए भुने चने के पाउडर में 2 चम्मच देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद पहले तैयार किया हुआ ड्राई फ्रूट्स, चीनी, नारियल और मिल्क पाउडर का मिश्रण इसमें डाल दें.
(इमेज AI)
दूध डालते समय रखें ध्यान
अब मिश्रण को बांधने के लिए थोड़ा-थोड़ा करके उबला हुआ ठंडा दूध डालें. दूध एक साथ डालने की गलती न करें. करीब 4 से 5 चम्मच दूध पर्याप्त हो सकता है, लेकिन मात्रा मिश्रण की नमी के हिसाब से थोड़ी बदल सकती है. हाथों की मदद से सभी चीजों को अच्छी तरह मसलते हुए नरम डो जैसा मिश्रण तैयार करें. मिश्रण इतना सख्त न हो कि आसानी से फैल न सके और इतना गीला भी न हो कि आकार देना मुश्किल हो जाए.
View this post on Instagram

