बैतूल के झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम केरपानी में 35 वर्षीय किसान ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान केरपानी निवासी मनोज पिता नाथूराम बारस्कर (35) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह उन्होंने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, मनोज का विवाह वर्ष 2015-16 में राधिका बारस्कर से हुआ था। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी मायके में रह रही थी, जिससे मनोज मानसिक तनाव में थे। परिजनों का कहना है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। बहन का दावा- दहेज केस के बाद तलाक का दबाव था मृतक की बहन ने बताया कि उनकी भाभी ने पहले मनोज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। बाद में विवाद सुलझ गया था, लेकिन उनकी भाभी तलाक के लिए दबाव बना रही थीं। बहन का दावा है कि इसी वजह से मनोज मानसिक तनाव में थे। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मनोज खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Source link
बैतूल में किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की: पारिवारिक विवाद और पत्नी के मायके में रहने से था तनाव में; अस्पताल पहुंचने के पहले मौत – Betul News
RELATED ARTICLES

