मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में सरपंच प्रतिनिधि सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सरपंच प्रतिनिधि को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल लखन पिता मोहनलाल (30) ने बताया कि वह शनिवार रात बड़वन फंटे से अफजलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पंच पप्पू सिंह ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पप्पू सिंह और उसके साथियों ने कथित रूप से लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में लखन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बीच-बचाव करने पहुंचे सरपंच प्रतिनिधि पर भी हमला घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि राकेश भाटी पिता रामसिंह भाटी (36) मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान दूसरा पक्ष और उग्र हो गया तथा राकेश भाटी के साथ भी मारपीट कर दी। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए शनिवार देर रात उदयपुर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पप्पू सिंह, राजू पिता पूनमचंद, जितेंद्र सिंह, दोनों आरोपियों की पत्नियों, करण सिंह सहित कुल सात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि सभी ने मिलकर दोनों घायलों के साथ मारपीट की। चुनावी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा विवाद पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना की वजह पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश है। बताया गया कि राकेश भाटी की पत्नी सीमा बाई और राजू पंचायत चुनाव में आमने-सामने थे। चुनाव में सीमा बाई की जीत के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। शनिवार रात हुई मारपीट को भी इसी चुनावी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल और सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और मामले की समीक्षा की। एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि अफजलपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। इसमें सरपंच प्रतिनिधि सहित दो लोग घायल हुए हैं। पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मंदसौर के अफजलपुर में सरपंच प्रतिनिधि-पंच में विवाद: पंचायत चुनाव की रंजिश में विवाद, मारपीट में दो घायल; एक उदयपुर रेफर – Mandsaur News
RELATED ARTICLES

