Sunday, August 2, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशमहिदपुर रोड स्टेशन पर रेल हादसा टला: मेमू ट्रेन के इंजन...

महिदपुर रोड स्टेशन पर रेल हादसा टला: मेमू ट्रेन के इंजन पर गिरी हाई-वोल्टेज लाइन, इंजन में लगी आग – Ujjain News




रविवार सुबह महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रतलाम से कोटा जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन के इंजन पर अचानक हाई-वोल्टेज ओवरहेड बिजली की लाइन टूटकर गिर गई। लाइन गिरने से इंजन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इंजन से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई लोग ट्रेन से नीचे उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ, स्थानीय प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस हादसे के कारण रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। एहतियात के तौर पर हावड़ा–गांधीधाम एक्सप्रेस और बांद्रा जाने वाली एक अन्य ट्रेन को भी कुछ देर के लिए रोका गया। रेलवे कर्मचारियों ने टूटी हुई ओवरहेड लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे रेल यातायात सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर ओवरहेड बिजली लाइन से जुड़ी ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बार-बार हादसों के बावजूद रेलवे प्रशासन ने विद्युत व्यवस्था के रखरखाव और सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और स्टेशन की ओवरहेड विद्युत व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है। फिलहाल रेलवे प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक जांच में ओवरहेड विद्युत लाइन टूटने से इंजन में शॉर्ट सर्किट होने और आग लगने की बात सामने आई है। चालक दल की सतर्कता और राहत टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments