श्रावणी मेला का रविवार को शुभारंभ हो गया। डीएन हाई स्कूल, गोला रोड में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बाबा गरीबनाथ धाम, बाबा दूधनाथ धाम और बाबा खगेश्वर नाथ धाम
.
रविवार देर रात से पहलेजा से गंगाजल लेकर आने वाले कांवरियों का शहर में प्रवेश शुरू हो गया, जबकि सोमवार की पहली सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक होगा। सोमवार दोपहर तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
उद्घाटन समारोह में प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था, संस्कृति और सेवा का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने सभी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और मेले को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
समारोह के दौरान बाबा गरीबनाथ मंदिर, बाबा दूधनाथ मंदिर और बाबा खगेश्वर नाथ धाम की स्मारिका (पत्रिका) का लोकार्पण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार किए गए श्रावणी मेला ऐप का भी शुभारंभ हुआ।
इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालु लाइव दर्शन, ऑनलाइन पूजा, कांवरिया मार्ग, भीड़ की स्थिति, एटीएम, हेल्पलाइन नंबर और अन्य सुविधाओं की जानकारी एक ही मंच पर प्राप्त कर सकेंगे।
समारोह का किया उद्घाटन।
कांवरियों के लिए विशेष रूट, शहर में ट्रैफिक डायवर्जन
श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। पहलेजा से गंगाजल लेकर आने वाले कांवरिये फकुली, रामदयालु नगर, अघोरिया बाजार, हरिसभा चौक, देवी मंदिर रोड, पानी टंकी चौक, अमर सिनेमा रोड, छोटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा चौक, बजरंगबली चौक और मक्खन साह चौक होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचेंगे।
भगवानपुर की ओर से आने वाले कांवरियों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है।
मेला अवधि में कांवरिया पथ पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पटना, समस्तीपुर, बरौनी और हाजीपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

मंच पर उपस्थित अतिथि।
सुरक्षा के भी हो रहे इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
मौके पर ये रहे मौजूद
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मंत्री नीतीश मिश्र, मंत्री रमा निषाद, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी, प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, डीआईजी सुधांशु कुमार, जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा, नगर विधायक रंजन कुमार, कांटी विधायक अजीत कुमार, मीनापुर विधायक अजय कुशवाहा, बोचहां विधायक बेबी कुमारी, साहेबगंज विधायक राजू सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में कलाकारों ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

