मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार सुबह एक पंचायत सहायक ने खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस के एक जवान की सतर्कता से उसे बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। ग्राम निरमानी निवासी सचिन कुमार, जो ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने यह कदम उठाया। सचिन का आरोप है कि 8 जून को ग्राम सचिवालय में काम के दौरान गांव के दो लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालने, प्रिंटर व अन्य सामान तोड़ने और सरकारी दस्तावेज फाड़कर ले जाने का भी आरोप लगाया। इस संबंध में उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी। सचिन के अनुसार, कई दिनों से थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया, जिसके बाद वे गांव में खुलेआम घूमकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही गुरुवार को सचिन अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय के पास खुद पर डीजल छिड़क लिया। संयोगवश, उसी समय वहां अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल चल रही थी। जैसे ही सचिन ने लाइटर से खुद को आग लगाने का प्रयास किया, मॉक ड्रिल में शामिल सिविल डिफेंस के एक जवान ने तुरंत दौड़कर उसे पकड़ लिया और लाइटर छीन लिया। घटना की सूचना पर थाना सिविल लाइन प्रभारी महावीर सिंह चौहान और कचहरी पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत गिरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सचिन को पानी से नहलाकर उसके शरीर से डीजल साफ कराया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। इस घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पंचायत सहायक ने अपने साथ हुए कथित अन्याय और पुलिस कार्रवाई में लापरवाही के आरोपों को दोहराया है।
Source link
मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश: पंचायत सहायक ने अपने ऊपर छिड़का डीजल, सिविल डिफेंस जवान ने बचाया – Muzaffarnagar News
RELATED ARTICLES

