नई दिल्ली2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आई हैं।
भारत और जापान ने आर्थिक साझेदारी को नई रफ्तार देने का फैसला किया है। भारत-जापान जॉइंट इकोनोमिक फोरम में प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी कंपनियों की दिक्कतें दूर करने के लिए ‘जापान बिजनेस वीक’ शुरू करने का ऐलान किया। इसके तहत PMO के सीनियर अधिकारी सीधे जापानी निवेशकों से बातचीत करेंगे।
मोदी ने कहा कि आज दुनिया में बिकने वाली सुजुकी की दो-तिहाई कारें भारत में बन रही हैं और इन्हें 100 से ज्यादा देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जापान के सहयोग से देश में करीब 1000 खाद (फर्टिलाइजर) कारखाने लगाए जाएंगे।
दोनों देशों ने अगले 10 साल में भारत में 10 ट्रिलियन येन के जापानी निवेश का लक्ष्य भी रखा है। पीएम मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुजुकी के चौथे वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने साने ताकाइची को अपनी ‘छोटी बहन’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की तकनीक, निवेश और उत्पादन क्षमता का मेल दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।

जापान की PM ताकाइची के भारत दौरे से जुड़ी 4 तस्वीरें…

भारत-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का स्वागत किया।

ताकाइची को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मोदी और ताकाइची ने हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाए।

ताकाइची बुधवार को दिल्ली पहुंची थीं। यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
ताकाइची के भारत दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
01:35 PM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान के बीच 129 समझौतों का ऐलान
भारत-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम में 129 समझौता ज्ञापनों (MoUs) का ऐलान किया गया। इन समझौतों का मकसद दोनों देशों के बीच निवेश, उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग, तकनीक, कौशल विकास और सप्लाई चेन सहयोग को मजबूत करना है।
इसके साथ ही, भारत में 2 ट्रिलियन जापानी येन (₹1.18 लाख करोड़ रुपए) से अधिक के भारी निवेश की घोषणा की गई है।
12:33 PM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन में ₹88 हजार करोड़ जापानी निवेश

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की पहले अनुमानित लागत करीब ₹2 लाख करोड़ है। इसमें से लगभग ₹88 हजार करोड़ जापान दे रहा है। यह पैसा जापान की सरकारी एजेंसी JICA बेहद सस्ती शर्तों पर दे रही है। इस कर्ज पर सिर्फ 0.1% सालाना ब्याज लगेगा, इसे चुकाने के लिए 50 साल मिलेंगे और पहले 15 साल तक किस्त नहीं देनी होगी। जापान अब तक इस परियोजना के लिए 1,150 अरब येन (करीब ₹55 हजार करोड़) मंजूर कर चुका है। इसके अलावा वह बुलेट ट्रेन की शिंकानसेन तकनीक, ट्रेनिंग और तकनीकी विशेषज्ञता भी भारत को उपलब्ध करा रहा है।
12:08 PM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
सुजुकी की सालाना 30 में से 20 लाख कार भारत में बन रही
सुजुकी दुनिया में हर साल करीब 30 लाख (3 मिलियन) कारें बनाती है। इनमें से लगभग 20 लाख (2 मिलियन) कारें अकेले भारत में बनती हैं। यानी कंपनी की हर 3 में से 2 कारें (करीब 66%) भारत में तैयार होती हैं।
भारत में ये कारें मारुति सुजुकी के हरियाणा और गुजरात के प्लांट में बनती हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में मारुति सुजुकी ने 20 लाख से अधिक कारों का उत्पादन किया और 3.32 लाख से ज्यादा कारें 100 से अधिक देशों में निर्यात कीं।
12:07 PM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत के राजस्थान में ‘मिनी जापान’

राजस्थान के अलवर जिले के नीमराना को भारत का ‘मिनी जापान’ या ‘जापानी टाउन’ कहा जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह यहां बना देश का पहला जापानी इंडस्ट्रियल जोन है। इसे राजस्थान सरकार की एजेंसी RIICO और जापान की व्यापार संस्था JETRO ने मिलकर विकसित किया। इसका मकसद जापानी कंपनियों को भारत में निवेश और कारोबार के लिए बेहतर माहौल देना था। करीब 1,160 एकड़ में फैले इस औद्योगिक क्षेत्र में आज 50 से ज्यादा जापानी कंपनियां काम कर रही हैं। यहां ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयर कंडीशनर, मशीनरी और ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कई बड़ी कंपनियों के प्लांट हैं। इन कंपनियों ने हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया है और 26 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। नीमराना की पहचान सिर्फ फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं है। यहां रहने वाले जापानी लोगों के लिए जापानी रेस्तरां, होटल, सुपरमार्केट और दूसरी सुविधाएं भी हैं। कई जगहों पर जापानी भाषा में सेवाएं भी मिलती हैं। इससे यहां काम करने वाले जापानी लोगों को अपने देश जैसा माहौल मिलता है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर होने की वजह से नीमराना की कनेक्टिविटी भी अच्छी है। इसी कारण इसे भारत-जापान औद्योगिक सहयोग का सबसे सफल मॉडल माना जाता है। अब यहां उद्योगों के लिए जगह कम पड़ने लगी है। इसलिए राजस्थान सरकार पास के घीलोट में भी जापानी कंपनियों के लिए नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रही है।
11:14 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत के साथ मिलकर हर तरह की धमकी का करेंगे सामना

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि भारत और जापान एशिया की दो बड़ी लोकतांत्रिक ताकतें हैं। दोनों देश मिलकर कानून का सम्मान बनाए रखेंगे और किसी भी तरह की धमकी, दबाव या ताकत के दम पर हालात बदलने की कोशिशों का मिलकर विरोध करेंगे।
11:04 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- भारत में जापान का निवेश 10 ट्रिलियन येन से पार हो

भारत-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले 10 साल में भारत में जापान का निवेश 10 ट्रिलियन येन (करीब 5.9 लाख करोड़ रुपए) से अधिक होना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात दोनों देशों के उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से कही। वे जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की मौजूदगी में मंच को संबोधित कर रहे थे।
10:14 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी-ताकाइची ने जॉइंट इकोनॉमिक फोरम की बैठक में हिस्सा लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच में हिस्सा लिया।
09:07 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ताकाइची बोलीं- मोदी मेरे बड़े भाई जैसे
ताकाइची ने संयुक्त प्रेस बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी ‘सुंदर छोटी बहन’ कहा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने आपसी रिश्ते को भाई-बहन की तरह आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
उन्होंने कहा कि जापान की फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक (FOIP) नीति और भारत की महासागर (MAHASAGAR) पहल एक-दूसरे की पूरक हैं। इसी वजह से दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने को प्राथमिकता देने का फैसला किया है, ताकि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।
08:54 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- ऑटो सेक्टर जैसी साझेदारी अब एविएशन में भी होगी
मोदी ने कहा कि भारत और जापान ऑटोमोबाइल सेक्टर की सफलता को अब जहाज निर्माण, एविएशन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी दोहराएंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देश टैलेंट मोबिलिटी, स्किल डेवलपमेंट, टेक्निकल इंटर्नशिप, रिसर्च, शिक्षा और स्टार्टअप में सहयोग बढ़ाएंगे। मोदी ने बताया कि अगले साल भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होंगे। इस मौके पर संस्कृति, पर्यटन और क्रिएटिव इकोनॉमी में भी साझेदारी मजबूत की जाएगी।
08:46 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान बैटरी, ग्रीन हाइड्रोजन और न्यूक्लियर एनर्जी में सहयोग बढ़ाएंगे
मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और जापान ने तेल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए ऊर्जा सुरक्षा पर नई पहल शुरू की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश बैटरी, ग्रीन हाइड्रोजन और न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मोदी ने कहा कि भारत और जापान आर्थिक सुरक्षा को साझा सुरक्षा और ऊर्जा परिवर्तन को साझा अवसर मानते हैं। इसी दिशा में दोनों देशों ने इंडिया-जापान नेक्स्ट-जनरेशन मोबिलिटी पार्टनरशिप फ्रेमवर्क भी लॉन्च किया है।
08:42 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान ने आर्थिक सुरक्षा का रोडमैप बनाया
मोदी ने कहा कि भारत और जापान ने आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मैटेरियल्स जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सप्लाई चेन को मजबूत किया जाएगा।
पीएम ने बताया कि दोनों देशों ने ऊर्जा सुरक्षा को लेकर भी कई अहम फैसले किए हैं। इंडिया-जापान बायोगैस इनिशिएटिव के तहत भारत में 1000 बायोगैस और ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्लांट लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे गोबरधन योजना को मजबूती मिलेगी और गांवों में टिकाऊ विकास, समृद्धि और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
08:31 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी ने ताकाइची छोटी बहन जैसी कहा
08:28 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- भारत-जापान भरोसे के मजबूत साझेदार
मोदी ने कहा कि आज के वैश्विक अस्थिर माहौल में आपसी भरोसा सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत है और भारत-जापान की साझेदारी इस कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरती है।
उन्होंने कहा कि
ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक कई क्षेत्रों में जापान ने भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दोनों देशों के बीच दोस्ती और भरोसे का मजबूत रिश्ता बना है। प्रधानमंत्री ताकाइची की भारत यात्रा के साथ भारत-जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप का नया अध्याय शुरू हो रहा है।

08:24 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- जापान की पहली महिला PM का भारत में स्वागत
मोदी ने ताकाइची का भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में स्वागत किया। उन्होंने कहा.
जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री और लोकप्रिय नेता का भारत में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है।” ताकाइची जापान के नारा प्रांत से आती हैं, जो भारत और जापान की साझा बौद्ध विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।

08:13 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी और ताकाइची ने द्विपक्षीय बातचीत की
08:10 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान में डॉलर के बिना व्यापार की तैयारी
भारत और जापान व्यापार में अमेरिकी डॉलर की भूमिका कम करने की तैयारी कर रहे हैं। निक्की एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देश ऐसी व्यवस्था बनाने पर काम कर रहे हैं, जिससे कारोबार का भुगतान सीधे भारतीय रुपए और जापानी येन में हो सके।

मोदी और ताकाइची की नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका में हुए G20 समिट के दौरान मुलाकात हुई थी।
08:10 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
डॉलर पर निर्भरता घटेगी, स्पेशल अकाउंट के जरिए सीधे पेमेंट
अगर भारत और जापान के बीच भुगतान से जुड़ा ये प्रस्ताव लागू होता है तो दोनों देशों के बीच पहली बार स्थानीय मुद्रा में व्यापार को लेकर औपचारिक व्यवस्था बनेगी।
इस योजना के तहत जापानी कंपनियां भारत के बैंकों में विशेष खाते खोलकर सीधे रुपए और येन में लेनदेन कर सकेंगी। यानी लेनदेन के लिए अमेरिकी डॉलर या किसी तीसरे देश के बैंक की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस व्यवस्था से विदेशी मुद्रा बदलने का खर्च कम होगा, पैसे भेजने की लागत घटेगी और भुगतान पहले के मुकाबले जल्दी हो सकेगा। दोनों देशों को उम्मीद है कि इससे व्यापार करना आसान होगा और कंपनियों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।
08:10 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
2025 में बनी थी सहमति, अब लागू करने की तैयारी
स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए जापान का वित्त मंत्रालय वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साथ एक सहयोग समझौता (MoC ) करने की तैयारी में है।
यह प्रस्ताव पूरी तरह नया नहीं है। अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की जापान यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अगले 10 वर्षों के लिए साझा विजन दस्तावेज जारी किया था। उसमें भी पेमेंट सिस्टम और स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने की बात कही गई थी। अब उसी योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारत भी पिछले कुछ वर्षों से रुपए में अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा दे रहा है। जुलाई 2022 में RBI ने ‘स्पेशल रुपी वोस्त्रो अकाउंट’ शुरू किया था, ताकि दूसरे देशों के साथ रुपए में व्यापार हो सके। बाद में इस व्यवस्था का दायरा बढ़ाया गया और विदेशी बैंकों को इन खातों में जमा अतिरिक्त रकम भारतीय सरकारी बॉन्ड में निवेश करने की भी अनुमति दी गई।

15वें भारत-जापान समिट में भारत के प्रधानमंत्री मोदी और जापान के तत्कालीन पीएम शिगेरु इशिबा।
08:10 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत पहले से बढ़ा रहा रुपए में कारोबार
संसद में सरकार ने बताया था कि अब तक 30 देशों के 123 विदेशी बैंकों के लिए भारत के 26 बैंकों में 156 विशेष रुपी वोस्त्रो खाते खोले जा चुके हैं। RBI का कहना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार में मजबूत विदेशी मुद्राओं पर निर्भरता कम होगी और रुपए का वैश्विक इस्तेमाल बढ़ेगा।
जापान भी एशिया के दूसरे देशों के साथ स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा दे रहा है। दिसंबर 2025 में उसने इंडोनेशिया के साथ भी ऐसा ही समझौता किया था, जिससे दोनों देशों के बीच स्थानीय मुद्राओं में सभी तरह के लेनदेन को बढ़ावा दिया जा सके।
08:09 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत में बढ़ रहा जापानी निवेश
भारत और जापान के आर्थिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच 27.5 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच जापान ने भारत में 3.2 अरब डॉलर का निवेश किया। वहीं जापान अगले 10 वर्षों में भारत में 61 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश करने का लक्ष्य भी तय कर चुका है।
फिलहाल भारत में करीब 1,400 जापानी कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें लगभग आधी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़ी हैं। जापान मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना समेत कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में भी निवेश कर रहा है। हाल ही में जापानी कंपनी ने यस बैंक में 20% हिस्सेदारी खरीदने के लिए 1.6 अरब डॉलर का निवेश भी किया है।
दोनों नेता इस दौरे के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा क्वाड, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

08:09 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान व्यापार की 5 खास बातें
जापान भारत में निवेश करने वाला पांचवां सबसे बड़ा देश है। मार्च 2026 तक उसका कुल निवेश ₹4.58 लाख करोड़ पहुंच चुका था।
भारत-जापान ने साल 2025 में अगले 10 साल के लिए 10 ट्रिलियन जापानी येन (₹5.84 लाख करोड़) के जापानी निजी निवेश का टारगेट तय किया। यह निवेश मुख्य रूप से सेमीकंडक्टर, क्लीन एनर्जी और हाई-टेक डिफेंस उद्योगों में होगा।
एक सर्वे के मुताबिक, जापानी कंपनियों के लिए भारत दुनिया का सबसे पसंदीदा और भरोसेमंद निवेश देश है। भारत में व्यापार कर रही 75% से ज्यादा जापानी कंपनियां मुनाफे में हैं।
चीन पर वैश्विक निर्भरता को कम करने के लिए भारत और जापान ने सेमीकंडक्टर और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे लीथियम, कोबाल्ट की सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए 2025 में एक विशेष रणनीतिक डायलॉग शुरू किया है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पूरी तरह जापानी शिनकानसेन तकनीक और जापानी लोन की मदद से आगे बढ़ रहा है, जो दोनों देशों के सहयोग का सबसे बड़ा प्रतीक है।
08:08 AM2 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
जापान से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
जापान में पहली बार महिला प्रधानमंत्री बनी:मजबूत सेना और संविधान में संशोधन की समर्थक हैं, मोदी-ट्रम्प ने दी बधाई

साने ताकाइची जापान की प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। वह जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। ताकाइची को संसद के निचले सदन में हुए चुनाव में 149 के मुकाबले 237 वोटों से जीत मिली। पूरी खबर यहां पढ़ें…


