देवीलाल गुप्ता | संतकबीर नगर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संतकबीरनगर के बौरब्यास गांव में एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए, जहां अंततः पुलिस को जबरन लोगों को उठाना पड़ा और हल्का बल भी प्रयोग किया और दो युवकों को मुक्कों से पीटते हुए वीडियो वायरल हो रही है।
सोमवार रात को धर्मराज (22) का शव फंदे से लटका मिला था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री विनोद पांडेय समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।
मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तब परिजनों ने बौरब्यास चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे भाजपा जिला महामंत्री समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसडीएम मेंहदावल संजीव राय समेत कई अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
रात में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम समाप्त कराया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

