Monday, June 29, 2026
Homeराज्यबिहारशादी वाले घर पर हमला, एक महिला की मौत: जमुई में...

शादी वाले घर पर हमला, एक महिला की मौत: जमुई में नकाबपोश बदमाशों ने लूटे जेवरात, 6 घायल – Jamui News




जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में रविवार रात शादी की तैयारियों के बीच एक घर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। इस घटना में एक महिला बेबी देवी (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, फायरिंग की और शादी के लिए रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को झाझा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बेबी देवी, सुहागा देवी, काजल कुमारी, कोमल कुमारी और सुबोध कुमार को सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया। वहां से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन बेबी देवी की नाजुक स्थिति के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बदमाश तलवार, टांगी और अन्य हथियारों के साथ घर में घुस आए घायल उमेश कुमार यादव ने बताया कि परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। इसी दौरान दिनेश यादव के बड़े भाई वासुदेव यादव ने घर का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद लगभग एक दर्जन नकाबपोश बदमाश तलवार, टांगी और अन्य हथियारों के साथ घर में घुस आए और हमला कर दिया। सभी बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे और उन्होंने अपनी बाइकें घर से करीब 200 मीटर दूर खड़ी कर रखी थीं। घायल काजल कुमारी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायरिंग भी की। एक गोली उसकी मां सुहागा देवी के पैर में लगी। बदमाशों ने घर से मोबाइल फोन छीन लिए और बक्से में रखे शादी के जेवरात भी लूट लिए। गोली चलने और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी बदमाश बाइक से फरार हो चुके थे। जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर करवाया हमला – बड़ा भाई पीड़ित परिवार के दिनेश यादव ने बताया कि उनकी बेटी काजल कुमारी की शादी 1 जुलाई को होनी थी, जिसके लिए वे खरीदारी करने झाझा बाजार गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला उनके बड़े भाई वासुदेव यादव ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर करवाया है। दिनेश यादव, वासुदेव यादव और उमेश यादव तीनों सगे भाई हैं। परिजनों ने बताया है कि वासुदेव यादव, सुभाष यादव और मनोज यादव समेत अन्य कई लोगों को पहचान लिया है। परिजनों के अनुसार वासुदेव यादव वर्तमान में योगियाटीला गांव में रहता है और इस घटना को अंजाम देने के लिए वह पांच दिनों से दादपुर में रहा रहा था। जमीनी विवाद को लेकर बासुदेव यादव अपने रिश्तेदारों और बदमाशों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना पर झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई दीपक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments