सीकर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीकर जिले में साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर बुजुर्ग से 84 लाख रूपए ठग लिए। पीड़ित ने सीकर के साइबर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। ठगों ने 72 वर्षीय बुजुर्ग को शेयर बाजार में ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर 84 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने बाकायदा मोबाइल के प्ले-स्टोर से फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर पीड़ित को विश्वास में लिया और धीरे-धीरे बुजुर्ग की जिंदगी भर की कमाई हड़प ली।
सीकर साइबर थाने में दी शिकायत के अनुसार पीड़ित नरसाराम नेहरा ने बताया कि ठगी की शुरुआत गत 25 जनवरी को व्हाट्सएप पर ‘D223 KOTAK FUTURE INNOVATION’ नाम के एक ग्रुप का मैसेज आया। ग्रुप में शेयर मार्केट से जुड़े टिप्स और भारी मुनाफे के दावे किए जा रहे थे। जब नरसाराम ने इंट्रेस्ट दिखाया तो अन्विका मेहरा नाम की महिला ने कॉन्टेक्ट किया। ठगों ने खुद को कोटक सिक्योरिटीज का प्रतिनिधि बताया। विश्वास जीतने के लिए उन्होंने पीड़ित का नाम-पता लेकर रजिस्ट्रेशन किया और दावा किया कि उनका डीमैट अकाउंट खुल गया है।
ठगों ने सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के नाम से फर्जी कन्फर्मेशन लेटर भी भेज दिया। इसके बाद पीड़ित को गूगल प्ले-स्टोर से KOTMAT और बाद में KOTPRO नाम के ऐप डाउनलोड करवाए गए। ऐप पर नरसाराम को मुनाफ के फर्जी आंकड़े दिखाए जाते थे। ठगों ने रोजाना 5% मुनाफा, 10% से 25% तक का तगड़ा रिटर्न, 20% से 50% तक का बेनिफिट दिलाने का झांसा दिया था।
मुनाफे के लालच में आकर बुजुर्ग ने 26 फरवरी से 2 अप्रैल के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 84 लाख रुपए आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। सीकर साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


