Wednesday, September 16, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशसीतापुर में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत: परिजनों का रातभर...

सीतापुर में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत: परिजनों का रातभर अस्पताल में प्रदर्शन, लापरवाही का आरोप – Sitapur News




सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलापुर में मंगलवार शाम करीब 7 बजे प्रसव के बाद 29 वर्षीय प्रसूता की मौत के मामले में परिजनों का आक्रोश थम नहीं रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल परिसर में रातभर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। विरोध के चलते बुधवार सुबह तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। जानकारी के अनुसार, भानपुर मजरा मंगूपुर निवासी संजीत पुत्र काशीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी रामश्री को प्रसव पीड़ा होने पर 14 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे सीएचसी कमलापुर में भर्ती कराया गया था। रात करीब नौ बजे प्रसव हुआ और बच्चे का जन्म हुआ। परिजनों के मुताबिक नवजात सुरक्षित है। पति संजीत का आरोप है कि प्रसव के बाद रामश्री की हालत बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद समय से आवश्यक उपचार नहीं मिल सका। नर्स बेबी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों पर भी परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हालत गंभीर होने के बावजूद प्रसूता को समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं किया गया। एंबुलेंस उपलब्ध कराने को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए। हालत बिगड़ने के बाद रामश्री की मंगलवार शाम मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिजन अस्पताल परिसर में जुट गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम सिधौली अवनीश कुमार, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कमलापुर प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है और जीडी में तस्करा दर्ज किया गया है। वहीं सीएमओ ने मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच के लिए पैनल गठित कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच टीम की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments