Last Updated:
हिंदी सिनेमा के इतिहास में कई प्रेम कहानियां चर्चित रहीं, लेकिन अभिनेता देव आनंद और अभिनेत्री सुरैया का रिश्ता आज भी सबसे भावुक और दर्दभरी प्रेम कहानियों में गिना जाता है. यह सिर्फ दो सितारों का प्यार नहीं था, बल्कि ऐसा रिश्ता था जो तमाम मुश्किलों के बावजूद अधूरा रह गया.
नई दिल्ली. सुरैया और देव आनंद की प्रेम कहानी बॉलीवुड की सबसे चर्चित और अमर प्रेम कहानियों में रही है. इन दोनों के प्यार की आजतक मिसाल दी जाती है. एक दूसरे के प्यार में दोनों ने सारी हदें पार कर दी थी, लेकिन धर्म दोनों के रिश्ते के आड़े आ गया और ये इश्क अधूरा ही रह गया.

साल 1940 के दशक के अंत में सुरैया भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी स्टार्स में शुमार थीं. वह एक सफल अभिनेत्री होने के साथ-साथ मशहूर गायिका भी थीं. उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि कई बार फिल्मों में उनके नाम को ही सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता था. दूसरी तरफ देव आनंद फिल्म इंडस्ट्री में अपने कदम जमा रहे थे और एक उभरते हुए अभिनेता के रूप में पहचान बना रहे थे.

कहा जाता है कि दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत 1948 में फिल्म ‘विद्या’ की शूटिंग के दौरान हुई. इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही देव आनंद और सुरैया के प्यार की शुरुआत हुई थी. कहा जाता है कि फिल्म के एक सीन के दौरान नाव पलट गया था और एक्टर ने सुपरस्टार हीरोइन को डूबने से बचाया था. देवा आनंद ने सुरैया की जान बचाई औऱ यहीं से दोनों के रिश्ते की शुरुआत हुई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विद्या के सेट पर दोनों करीब आए औऱ धीरे-धीरे ये सिलसिला जान-पहचान से आगे बढ़ गया और उनका प्यार परवान चढ़ने लगा. होते-होते दोनों में प्यार हो गया. इसके बाद दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री में ऑफस्क्रीन बॉन्डिंग साफ झलकने लगी थी. दोनों की जोड़ी को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने लगा था.

देव आनंद सुरैया से बेइंतह प्यार करने लगे थे. समय के साथ दोनों का रिश्ता और प्यार गहरा होते चला गया. एक्टर ने अपनी बायोग्राफी ‘रोमांसिंग विद लाइफ’ में सुरैया के साथ अपने रिश्ते का जिक्र किया था. उन्होंने इस रिश्ते का जिक्र करते हुए कई भावुक यादें साझा की हैं.

देव आनंद और सुरैया एक-दूसरे को खत लिखा करते थे. एक बार सुरैया ने देव के खत का जवाब देते हुए लिखा था कि वह भी उनसे उतना ही प्यार करती हैं और उनसे मिलने के लिए तड़प रही हैं. लेकिन उनका प्यार आसान नहीं था. दोनों के रिश्ते में मजहब एक बड़ा रोड़ा बना.

सुरैया मुस्लिम थीं और देव आनंद हिंदू थीं. दोनों के रिश्ते में धर्म दीवार बना. सुरैया का परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था. एक्ट्रेस की नानी और मामी इस रिश्ते के खिलाफ थे. परिवार के दबाव में आकर एक्ट्रेस ने अपना रिश्ता तोड़ दिया था.

देव आनंद के मुताबिक, कई दिनों की जुदाई के बाद वह सुरैया से मिले, उन्हें गले लगाया और शादी के लिए प्रपोज किया. देव ने एक्ट्रेस से पूछा, ‘क्या तुम मुझसे शादी करोगी?’ सुरैया का जवाब था, ‘आई लव यू! आई लव यू! आई लव यू!’. शादी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त होकर देव आनंद ने सुरैया के लिए एक महंगी इंगेजमेंट रिंग खरीदी. सुरैया ने उसे स्वीकार किया और छुपकर संभाल कर रखा. कुछ वक्त के लिए लगा कि प्यार जीत गया है. लेकिन परिवार का दबाव लगातार बढ़ता गया और आखिरकार सबकुछ बदल गया. दोनों का रिश्ता सिर्फ किस्सा बनकर रह गया.

रिश्ता टूटने के बाद देव आनंद अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए. एक्टर ने साल 1954 में एक्ट्रेस कल्पना कार्तिक से शादी कर ली. फिर भी उन्होंने कभी इस बात से इनकार नहीं किया कि सुरैया का उनके जीवन पर कितना असर रहा. वहीं सुरैया ने पहला प्यार अधूरा रहने के बाद कभी शादी नहीं की.

