Sunday, May 31, 2026
Homeदेशकौन हैं कृष्णा स्वामीनाथन, जो आज संभालेंगे नौसेना की कमान

कौन हैं कृष्णा स्वामीनाथन, जो आज संभालेंगे नौसेना की कमान


Last Updated:

Indian Navy Chief Krishna Swaminathan: वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन अब तक वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे. वह 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और कम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं. करीब चार दशक लंबे करियर में उन्होंने नौसेना के कई अहम ऑपरेशनल, ट्रेनिंग और प्रशासनिक पदों पर काम किया है.

Zoom

कृष्णा स्वामीनाथन रविवार को भारतीय नौसेना की कमान संभालने वाले हैं.

भारतीय नौसेना को आज नया प्रमुख मिलने वाला है. केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला चीफ ऑफ नेवल स्टाफ नियुक्त किया है. मौजूदा नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी 31 मई को सेवा से रिटायर हो रहे हैं, जिसके बाद कृष्णा स्वामीनाथन रविवार को भारतीय नौसेना की कमान संभालेंगे.

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन अब तक वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे. वह 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और कम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं. करीब चार दशक लंबे करियर में उन्होंने नौसेना के कई अहम ऑपरेशनल, ट्रेनिंग और प्रशासनिक पदों पर काम किया है.

कृष्णा स्वामीनाथन का कैसा रहा करियर

कृष्णा स्वामीनाथन ने अपने करियर के दौरान मिसाइल पोत INS विद्युत और INS विनाश, मिसाइल कॉर्वेट INS कुलिश, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS मैसूर और विमानवाहक युद्धपोत INS विक्रमादित्य की कमान संभाली है. नौसेना के सबसे महत्वपूर्ण बेड़ों में शामिल वेस्टर्न फ्लीट का नेतृत्व भी उनके खाते में दर्ज है.

रियर एडमिरल बनने के बाद उन्होंने दक्षिणी नौसेना कमान मुख्यालय में चीफ स्टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) के रूप में काम किया और पूरे नौसेना तंत्र में प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. इसके अलावा भारतीय नौसेना सेफ्टी टीम की स्थापना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो नौसेना के विभिन्न अभियानों और गतिविधियों में सुरक्षा मानकों की निगरानी करती है.

नेवी में संभाली कई बड़ी जिम्मेदारी

अपने करियर में उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट और फ्लैग ऑफिसर ऑफशोर डिफेंस एडवाइजरी ग्रुप जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी संभाली. वाइस एडमिरल पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने वेस्टर्न नेवल कमांड में चीफ ऑफ स्टाफ, नौसेना मुख्यालय में कंट्रोलर ऑफ पर्सनल सर्विसेज और चीफ ऑफ पर्सनल के रूप में भी सेवाएं दीं. मौजूदा नियुक्ति से पहले वह नौसेना मुख्यालय में वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ थे.

शिक्षा के क्षेत्र में भी कृष्णा स्वामीनाथन का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) खड़कवासला से प्रशिक्षण प्राप्त किया है. इसके अलावा ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, भारतीय नौसेना युद्ध महाविद्यालय और अमेरिका के नेवल वॉर कॉलेज में भी अध्ययन किया है.

उनके पास जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से बीएससी, कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी से टेलीकम्युनिकेशन में एमएससी, लंदन के किंग्स कॉलेज से डिफेंस स्टडीज में एमए, मुंबई विश्वविद्यालय से स्ट्रैटेजिक स्टडीज में एमफिल और इंटरनेशनल स्टडीज में पीएचडी की डिग्री है.

देश के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है. अब भारतीय नौसेना की कमान संभालते हुए उनके सामने समुद्री सुरक्षा, हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक चुनौतियों और नौसेना के आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.

About the Author

authorimg

Saad Omar

साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments