Last Updated:
अगर आप रोजाना एक जैसी चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार मीठी नीम यानी कड़ी पत्ता की चटनी ट्राई कर सकते हैं. गोंडा की गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. ममता त्रिपाठी से जानिए मूंगफली, तिल और मसालों से बनने वाली इस चटनी की आसान रेसिपी, जिसे सूखा और गीला दोनों तरह से तैयार किया जा सकता है.
गोंडा. खाने के साथ चटनी मिल जाए, तो भोजन का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप भी घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट चटनी बनाना चाहते हैं, तो मीठी नीम यानी कड़ी पत्ता की चटपटी चटनी बना सकते हैं. इसे तैयार करना आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर सामग्री घर में आसानी से मिल जाती है. खास बात यह है कि इसे सूखी और गीली, दोनों तरह से बनाया जा सकता है.
दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र, गोपालग्राम की गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. ममता त्रिपाठी ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि मीठी नीम की चटनी बनाने के लिए करीब 250 ग्राम ताजी कड़ी पत्ता की पत्तियां, 50 ग्राम भुनी मूंगफली, 4 से 5 लहसुन की कलियां, हरी या लाल मिर्च, 3 से 4 बड़े चम्मच सफेद तिल, स्वादानुसार नमक, दो चुटकी काला नमक, एक छोटी चम्मच जीरा, अमचूर पाउडर या नींबू का रस और राई की जरूरत होती है.
सबसे पहले कड़ी पत्ता की ताजी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें और फिर उन्हें सुखा लें. इसके बाद कढ़ाई में पत्तियों को हल्का भून लें. अब भुनी हुई मूंगफली, लहसुन, हरी या लाल मिर्च, सफेद तिल, नमक, काला नमक और भुना हुआ जीरा डालकर हल्का भून लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें राई का तड़का भी लगाया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सभी सामग्री को ठंडा होने दें. इसके बाद कड़ी पत्ता और तैयार मसालों को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. इस तरह घर पर मीठी नीम की चटपटी सूखी चटनी तैयार हो जाएगी.
डॉ. ममता त्रिपाठी के अनुसार, अगर आप गीली चटनी बनाना चाहते हैं, तो कड़ी पत्ता को भूनने की जरूरत नहीं है. इसके लिए पेड़ से ताजी पत्तियां तोड़कर अच्छी तरह धो लें. फिर उन्हें मिक्सर में डालकर पीसें. इसमें सूखी चटनी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिलाई जा सकती है. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर सभी चीजों को पीस लें. इस तरह गीली चटनी तैयार हो जाएगी.
विशेषज्ञ के मुताबिक, सूखी चटनी को सही तरीके से तैयार करके एयरटाइट डिब्बे में रखा जाए, तो इसे करीब 2 से 3 महीने तक स्टोर किया जा सकता है. इसे खाते समय इसमें दही, सरसों का तेल या थोड़ा पानी मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
मीठी नीम की यह चटनी रोटी, पराठे, दाल और चावल के साथ खाई जा सकती है. इसका चटपटा स्वाद भोजन का जायका बढ़ा देता है. घर में आसानी से मिलने वाली सामग्री से तैयार होने के कारण इसे कम मेहनत में बनाया जा सकता है.

