Last Updated:
Highway New Rule : ट्रायल रन के दौरान बारिश या भारी वाहनों के दबाव से सड़क का कोई हिस्सा बैठता है, दरारें आती हैं या पानी निकासी सही से नहीं हो रही है तो इसका पता उद्घाटन से पहले ही चल जाएगा.
ट्रायल रन तभी शुरू होगा, जब निर्माण कार्य और सुरक्षा ऑडिट पूरी तरह मुकम्मल हो चुके हों.
नई दिल्ली. देश में किसी भी नए एक्सप्रेसवे या हाईवे पर सफर करने के लिए आपकी जेब से टोल तभी कटेगा, जब सड़क हर कसौटी पर खरी उतरेगी. सरकार किसी भी नवनिर्मित हाईवे के उद्घाटन से पहले उस पर 2 से 3 महीने तक उसका ट्रायल रन करने की योजना बना रही है. ट्रायल रन के दौरान टोल नहीं वसूला जाएगा. हाल के दिनों में लखनऊ-कानपुर सहित कुछ नए बनी सड़कों के उद्धाटन के कुछ ही दिन उनके धंसने और गड्ढे पड़ने से सरकार की किरकिरी हुई है. इसी से सबक लेते हुए अब पहले हाईवे की असली ‘परीक्षा’ लेकर कमियां ठीक होंगी और उसके बाद ही जनता से टोल वसूला जाएगा.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना की समीक्षा बैठक में इस नए मॉडल पर मंथन किया गया. गडकरी ने एनएचएआई के अधिकारियों, ठेकेदारों और सलाहकारों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ट्रायल रन के क्या होंगे फायदे?
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2-3 महीने तक सामान्य ट्रैफिक चलने से सड़क की वास्तविक मजबूती का पता चल सकेगा. बारिश या भारी वाहनों के दबाव से सड़क का कोई हिस्सा बैठता है, दरारें आती हैं या पानी निकासी सही से नहीं हो रही है तो इसका पता उद्घाटन से पहले ही चल जाएगा. कॉन्ट्रैक्ट के नियमों के तहत ठेकेदार डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के दौरान इन सभी खामियों को अपने खर्च पर ठीक करने के लिए बाध्य होंगे.
पहले भी हो चुका है यह प्रयोग
अधिकारियों का कहना है कि लंबा ट्रायल रन तभी शुरू होगा, जब निर्माण कार्य और सुरक्षा ऑडिट पूरी तरह मुकम्मल हो चुके हों. ऐसा प्रयोग पहले भी दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों और द्वारका एक्सप्रेसवे की सुरंग पर सफलतापूर्वक किया जा चुका है.
About the Author

रुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …
और पढ़ें

