राजगढ़ जिले के खिलचीपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में रविवार को भक्ति और आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिला। पानखेड़ी, मनीपुरा, बोरखेड़ी और ब्यावरा खुर्द गांवों के श्रद्धालुओं ने पहली बार संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा निकाली।
.
सुबह 10 बजे पानखेड़ी के देव नारायण मंदिर परिसर स्थित कुएं से लगभग 500 श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कांवड़ और कलश में भरा। डीजे की भक्ति धुनों के साथ हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
यात्रा खिलचीपुर होते हुए 7 किलोमीटर पैदल मार्ग तय करके भोजपुर हाईवे 52 पर स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पानखेड़ी के सरपंच महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि सावन के पवित्र माह में चारों गांवों ने पहली बार एक साथ मिलकर यह कांवड़ यात्रा आयोजित की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का जगह-जगह पुष्पवर्षा और मालाओं से स्वागत किया गया।
इस आयोजन से पूरा वातावरण शिवमय हो गया और क्षेत्र में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी इस यात्रा में शामिल हुए और भक्ति भाव से शिव आराधना की।

