रविकांत सिंह | चंदौली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने बाढ़ प्रभावित गंगा के तटवर्ती गांवों का दौरा किया। उन्होंने सकलडीहा तहसील के नादी, निधौरा, सहेपुर और दलित बस्ती बहुल बोझवा गांव का निरीक्षण किया।
बाढ़ से घिरे टापू जैसे हो चुके गांवों में पहुंचकर सूर्यमनि तिवारी ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों की मांग पर त्रिशूलधारी इंटर कॉलेज, बोझवा-निधौरा में बाढ़ राहत चौकी की स्थापना कराई गई है। इससे लोगों को समय पर राहत सामग्री व अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
सूर्यमनि तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनता की सेवा में हर समय तत्पर है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव और सपा सांसद वीरेंद्र सिंह पर कटाक्ष किया।
भाजपा कार्यकर्ता हर गांव में मौजूद हैं
उन्होंने कहा कि जब जनता संकट में है, तब उनके चुने हुए जनप्रतिनिधि कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल चुनाव के समय आने वाले नेता अब जनता को मंझधार में छोड़कर गायब हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता हर गांव में मौजूद हैं। सरकार के माध्यम से हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
तहसील प्रशासन के लोग लगातार प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। इससे जनता में राहत और बचाव कार्य को लेकर संतोष देखने को मिल रहा है। इस मौके पर भाजपा नेता सत्येंद्र सिंह बब्बू और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने राहत चौकी की स्थापना पर संतोष जताया और मदद के लिए आभार प्रकट किया।

