Dahi Sabji Recipe: हर घर में कभी न कभी ऐसा वक्त आता है जब किचन में ज्यादा सब्जियां नहीं होतीं, लेकिन कुछ टेस्टी और घर जैसा खाने का मन जरूर करता है. ऐसे में लोग अक्सर कढ़ी बनाने का सोचते हैं, मगर उसे बनाने में काफी समय लग जाता है, अगर आपके पास टाइम कम है और आप झटपट कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो दही की सब्जी आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकती है. खास बात ये है कि बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना भी इस देसी डिश के बड़े फैन हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके घर में दादी अक्सर दही की सब्जी बनाया करती थीं और ये उनकी पसंदीदा होममेड डिश में से एक है.
उत्तर भारत के कई घरों में बनने वाली ये आसान रेसिपी आज भी लोगों के दिल के काफी करीब है. इसका स्वाद हल्का, मसालेदार और बेहद क्रीमी होता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और सिर्फ 5 मिनट में तैयार हो जाती है, अगर आप भी रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं, तो एक बार इस खास दही की सब्जी को जरूर ट्राई करें.
क्यों खास है दही की सब्जी?
दही की सब्जी एक ऐसी क्विक रेसिपी है जिसे तब बनाया जाता है जब घर में कोई दूसरी सब्जी मौजूद न हो या फिर हल्का लेकिन टेस्टी खाना खाने का मन हो. कई लोग इसे कढ़ी समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में काफी फर्क होता है. कढ़ी में बेसन का इस्तेमाल होता है और उसे पकने में समय लगता है, जबकि दही की सब्जी बिना बेसन के बहुत जल्दी बन जाती है. इसका स्वाद हल्का खट्टा और मसालेदार होता है जो रोटी, पराठे या यहां तक कि चावल के साथ भी शानदार लगता है. गर्मियों में लोग इसे ज्यादा पसंद करते हैं क्योंकि दही शरीर को ठंडक देने का काम भी करता है.
दही की सब्जी बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 कप गाढ़ा दही
-1 प्याज बारीक कटा हुआ
-1 टमाटर बारीक कटा हुआ
-2 हरी मिर्च
-थोड़ा सा अदरक और लहसुन
-1 छोटा चम्मच जीरा
-आधा छोटा चम्मच राई
-कुछ करी पत्ते
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-स्वाद के हिसाब से नमक
-सरसों का तेल या घी
-हरा धनिया
ऐसे बनाएं आयुष्मान खुराना की पसंदीदा दही की सब्जी
सबसे पहले एक पैन गैस पर रखें और उसमें थोड़ा सरसों का तेल या घी डालें. तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा और राई डालें. जैसे ही तड़का चटकने लगे, उसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डाल दें. अब इसमें प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें. प्याज अच्छी तरह पक जाए तो कटे हुए टमाटर डाल दें. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं. मसाले को तब तक पकाएं जब तक टमाटर गलकर तेल छोड़ना शुरू न कर दें.
अब सबसे जरूरी स्टेप आता है. गैस की आंच को धीमा कर दें या कुछ सेकंड के लिए बंद कर दें. इसके बाद फेंटा हुआ गाढ़ा दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. करीब 1 मिनट तक अच्छे से मिक्स करें और फिर गैस बंद कर दें. ऊपर से हरा धनिया डालें और गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ सर्व करें.
दही की सब्जी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
दही हमेशा ताजा और गाढ़ा लें. दही डालते वक्त गैस की आंच तेज नहीं होनी चाहिए. दही को पहले अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गांठें न रहें. अगर ज्यादा खट्टापन पसंद नहीं है तो ताजा दही इस्तेमाल करें. स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा देसी घी डाल सकते हैं.
क्यों लोगों को पसंद आ रही ये रेसिपी?
आजकल लोग ऐसी रेसिपी ज्यादा पसंद करते हैं जो जल्दी बन जाए और स्वाद में भी शानदार हो. दही की सब्जी ठीक वैसी ही डिश है. इसमें ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और ये हेल्दी भी मानी जाती है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस देसी रेसिपी को काफी पसंद कर रहे हैं. खासकर आयुष्मान खुराना का नाम जुड़ने के बाद लोग इसे और ज्यादा ट्राई कर रहे हैं. अगर आप भी कम समय में घर जैसा स्वाद चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है.

